भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस करके साफ कर दिया कि पाकिस्तान ने 8 मई की रात जो ड्रोन और मिसाइल हमले किए, उनमें तुर्की में बने ‘असिसगार्ड सोंगार’ मॉडल ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। ये वो ड्रोन हैं जो निगरानी के साथ-साथ सटीक हमलों के लिए जाने जाते हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी, आर्मी की कर्नल सोफिया कुरैशी और एयरफोर्स की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने मिलकर ब्रीफिंग दी और बताया कि इन ड्रोन्स का मलबा भारत की जमीन पर मिला है और इसकी शुरुआती जांच में ही साफ हो गया कि ये तुर्की मेड हैं।
36 जगहों पर ड्रोन घुसपैठ, लेकिन भारतीय सिस्टम ने किया फेल
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि ये हमला सिर्फ एक-दो जगह नहीं हुआ, बल्कि पाकिस्तान ने एक साथ 36 अलग-अलग लोकेशंस को टारगेट किया। जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात के सर क्रीक तक करीब 300 से 400 ड्रोन भारत में घुसाने की कोशिश की गई। इसका मकसद था कि भारतीय एयर डिफेंस को भांपा जाए और सेना की जानकारी जुटाई जाए। लेकिन भारतीय फोर्सेस ने जबरदस्त रिएक्शन दिखाते हुए काइनेटिक और नॉन-काइनेटिक हथियारों से लगभग सभी ड्रोन्स को मार गिराया।
भारत का पलटवार—4 पाक एयर डिफेंस साइट्स पर हमला
एयरफोर्स की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि भारतीय सेना ने सिर्फ डिफेंस में नहीं बल्कि ऑफेंस में भी ताकत दिखाई। भारत ने चार पाकिस्तानी एयर डिफेंस साइट्स को सटीक ड्रोन अटैक से निशाना बनाया। इनमें से एक ड्रोन ने पाकिस्तान के रडार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पाकिस्तान ने उरी, पुंछ, मेंढर, राजौरी, अखनूर और उधमपुर पर भारी तोपें और आर्म्ड ड्रोन से हमला करने की कोशिश की, जिसमें कुछ भारतीय जवान घायल हुए, लेकिन जवाबी कार्रवाई में पाक सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
बठिंडा एयरबेस पर भी हुआ अटैक, इंडियन डिफेंस ने बचाया
सबसे ज्यादा खतरनाक हमला रात में बठिंडा के मिलिट्री स्टेशन पर हुआ, जब पाकिस्तान ने एक आर्म्ड UAV भेजा। लेकिन भारत का एयर डिफेंस सिस्टम अलर्ट था और उसने उस ड्रोन को इंटरसेप्ट करके वहीं हवा में उड़ा दिया। इससे एक बड़ा नुकसान टल गया।
पाकिस्तान ने नागरिक विमानों को ढाल बनाया, भारत ने किया खुलासा
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान की हरकत सिर्फ उकसावे वाली नहीं थी, बल्कि इंटरनेशनल एविएशन सेफ्टी के लिए भी खतरनाक थी। उसने हमला करने के बावजूद अपना एयरस्पेस बंद नहीं किया और नागरिक विमानों को ढाल बनाकर भारत पर हमला किया। भारत ने इस बात की जानकारी इंटरनेशनल एजेंसियों को देने की तैयारी शुरू कर दी है।

- पाकिस्तान ने 8 मई की रात भारत के 36 शहरों पर 300 से 400 ड्रोन से हमला करने की कोशिश की।
- तुर्की में बने ‘असिसगार्ड सोंगार’ ड्रोन का इस्तेमाल पाकिस्तान ने किया, जो हमलों के लिए जाने जाते हैं।
- भारत ने काइनेटिक और नॉन-काइनेटिक हथियारों से अधिकतर ड्रोन इंटरसेप्ट करके नष्ट किए।
- जवाब में भारत ने पाकिस्तान की 4 एयर डिफेंस साइट्स को ड्रोन से तबाह किया।
- बठिंडा पर भी हमला हुआ था, लेकिन भारत की एयर डिफेंस यूनिट ने उसे नाकाम कर दिया।

