गुरूवार, अप्रैल 30, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजNIA चीफ ने किया पहलगाम का दौरा, पाकिस्तान ने बदला राष्ट्रीय सुरक्षा...

NIA चीफ ने किया पहलगाम का दौरा, पाकिस्तान ने बदला राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, ISI चीफ असीम मलिक को जिम्मेदारी

आठ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लगातार जांच जारी है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के प्रमुख सदानंद दाते गुरुवार को दोपहर के समय पहलगाम पहुंचे। उनका यह दौरा सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और घटनास्थल की गहन पड़ताल के लिए अहम माना जा रहा है।

इधर, भारत और पाकिस्तान के बीच गहराते तनाव के बीच पाकिस्तान सरकार ने खुफिया एजेंसी ISI के चीफ लेफ्टिनेंट जनरल असीम मलिक को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) नियुक्त किया है। यह पद 2022 से खाली पड़ा था, जब मुईद यूसुफ ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि, असीम मलिक की नियुक्ति 29 अप्रैल को की गई थी, लेकिन इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन बुधवार देर रात सार्वजनिक किया गया। मलिक की नियुक्ति ऐसे वक्त पर हुई है जब सीमा पार गतिविधियां और राजनीतिक बयानबाज़ी लगातार तनाव को बढ़ा रही हैं।

भारत ने NSA बोर्ड को किया पुनर्गठित, आलोक जोशी को सौंपी कमान

पाकिस्तान की इस घोषणा से ठीक एक दिन पहले भारत सरकार ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन किया। इस बार रॉ (RAW) के पूर्व प्रमुख आलोक जोशी को बोर्ड का नया चेयरमैन बनाया गया है। भारत की इस रणनीतिक नियुक्ति को सुरक्षा मामलों में मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, खासकर जब सीमावर्ती इलाकों में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।

पढ़ें-

शहबाज शरीफ ने अमेरिका से मांगी मदद, भारत पर दबाव बनाने की अपील

तनावपूर्ण माहौल में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका से कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग की है। समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, शरीफ ने अमेरिका से अपील की है कि वह भारत को संयम बरतने और बयानबाजी से बचने को कहे, क्योंकि भारत का “उकसाने वाला रवैया” क्षेत्रीय स्थिरता को नुकसान पहुंचा सकता है।

बुधवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने फोन पर शहबाज शरीफ और भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर दोनों से बात की। रुबियो ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए भारत के साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट लड़ाई की बात कही।

अमेरिका ने दोनों देशों से की शांति की अपील

रुबियो ने बातचीत में भारत और पाकिस्तान दोनों से तनाव कम करने और दक्षिण एशिया में स्थायी शांति के लिए मिलकर काम करने की अपील की। वाशिंगटन की इस पहल को एक संतुलित रुख के रूप में देखा जा रहा है, ताकि दोनों पड़ोसी देश किसी भी सैन्य टकराव से बचें।

सीमा पर सातवें दिन भी सीजफायर वायलेशन, LoC पर हालात तनावपूर्ण

इस बीच पाकिस्तानी सेना ने लगातार सातवें दिन संघर्षविराम का उल्लंघन किया। बीती रात कुपवाड़ा, उरी और अखनूर सेक्टर में LoC के पास हल्के हथियारों से गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। लगातार हो रही इस गतिविधि से सीमा पर तनाव बढ़ा हुआ है, और सुरक्षा बल अलर्ट मोड में हैं।

पाकिस्तानी एयरलाइंस के लिए भारतीय स्पेस बंद

इस बीच भारत ने पाकिस्तान के लिए एक सख्त कदम उठाते हुए नोटिस टू एयरमैन (NOTAM) जारी कर दिया है। इसके तहत अब पाकिस्तान की कोई भी फ्लाइट 23 मई 2025 तक भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अगर इस दौरान पाकिस्तान की कोई फ्लाइट भारतीय एयरस्पेस में आती है, तो कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इस फैसले का सीधा असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था और एयरलाइन इंडस्ट्री पर पड़ने की आशंका है। अब पाकिस्तान को अपने विमान बांग्लादेश, म्यांमार, श्रीलंका और चीन जैसे देशों में भेजने के लिए लंबा और खर्चीला रास्ता अपनाना होगा। इससे न केवल उड़ान की अवधि बढ़ेगी, बल्कि ईंधन की लागत और टिकट की कीमतों में भी इज़ाफा तय माना जा रहा है। इस प्रतिबंध के चलते पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स, विशेषकर कार्गो और ट्रांजिट रूट्स सबसे ज़्यादा प्रभावित होंगे। इन फ्लाइट्स को वैकल्पिक मार्ग लेने होंगे, जो लॉजिस्टिक्स और टाइम मैनेजमेंट पर अतिरिक्त दबाव डालेगा।

पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट पर बैन

पहलगाम हमले के बाद भारत ने डिजिटल मोर्चे पर भी कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने पाकिस्तान के बड़े फिल्मी सितारों के इंस्टाग्राम अकाउंट भारतीय यूजर्स के लिए ब्लॉक कर दिए हैं। इसमें हानिया आमिर, इमरान अब्बास सहित कई लोकप्रिय चेहरों के नाम शामिल हैं। यह फैसला भारत में पाकिस्तानी कला और मनोरंजन से जुड़े कंटेंट पर लगाम कसने की दिशा में उठाया गया है।

बुधवार को दिन भर हुए ये घटनाक्रम

पीएम ने ली हाई लेवल मीटिंग

नई दिल्ली में बुधवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक अहम सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक करीब एक घंटे चली, जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी शामिल हुए।

भारत-पाक सैन्य अधिकारियों की हॉटलाइन पर चर्चा

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया है। भारत और पाकिस्तान के मिलिट्री ऑपरेशन डायरेक्टर्स ने हॉटलाइन पर बातचीत की, जिसमें बिना किसी उकसावे के लगातार हो रहे सीजफायर उल्लंघनों पर चर्चा हुई। भारतीय पक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि नियंत्रण रेखा (LoC) पर इस तरह की कार्रवाइयों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड का पुनर्गठन

केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड (NSAB) का पुनर्गठन कर दिया है। इस बार बोर्ड की कमान पूर्व रॉ प्रमुख आलोक जोशी को सौंपी गई है। उनका अनुभव रणनीतिक मामलों में भारत की नीति को और मजबूती देगा।

PM आवास पर सुरक्षा मामलों की CCS की दूसरी बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर बुधवार को कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अहम बैठक हुई। यह बैठक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्र की गंभीरता को दर्शाती है। इससे पहले 23 अप्रैल को, पहलगाम हमले के ठीक अगले दिन, पहली बैठक आयोजित की गई थी।

जयशंकर की कुवैती विदेश मंत्री से फोन पर बात

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बुधवार को कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या से फोन पर बातचीत की। इस चर्चा में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर गहराई से बात हुई। भारत इस हमले को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग जुटा रहा है।

इस्लामाबाद में अमेरिकी-पाक विदेश मंत्रियों की मुलाकात

अमेरिका की विदेश मंत्री नटाली बेकर ने बुधवार को पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार से इस्लामाबाद में मुलाकात की। इस मुलाकात का मकसद भारत-पाक के बीच बढ़ते तनाव को कम करना था, जो 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद बढ़ा है।

अन्य खबरें