गुरुग्राम के सेक्टर-57 इलाके में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। राष्ट्रीय स्तर की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके ही पिता दीपक यादव ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी। ये वारदात उस वक्त हुई जब राधिका अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित रसोई में काम कर रही थीं। सुबह करीब 10:30 बजे दीपक ने पीछे से तीन गोलियां उनकी पीठ पर दागीं।
सोशल मीडिया से नाराज था पिता
एफआईआर के मुताबिक, राधिका सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं और एक निजी टेनिस अकादमी चलाती थीं। उनके पिता दीपक को रील्स पोस्ट करने और अकादमी चलाने पर आपत्ति थी। उन्हें लगता था कि इससे परिवार की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। उन्होंने राधिका से अकादमी बंद करने को कहा, लेकिन बेटी के इनकार पर यह विवाद हिंसक मोड़ में बदल गया।
आरोपी दीपक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि जब वह रोज सुबह वजीराबाद गांव दूध लेने जाता था, तो लोग उसे यह कहकर ताना मारते थे कि वह बेटी की कमाई पर जी रहा है। इन तानों से वह तनाव में आ गया था और इसी मानसिक दबाव में आकर उसने राधिका को गोली मार दी।
परिवार ने पहले गुमराह करने की कोशिश की
घटना के बाद राधिका की मां मंजू यादव ने कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। शुरुआत में परिवार ने पुलिस को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि राधिका ने खुद को गोली मार ली। लेकिन जांच में मिले सबूतों और फिंगरप्रिंट्स से पुलिस ने सच उजागर किया। दीपक ने आखिरकार अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।
खून, हथियार और बयान बने सबूत
घटनास्थल से पुलिस ने 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जब्त किए। पुलिस टीम ने राधिका के चाचा कुलदीप और भतीजे पीयूष से भी पूछताछ की। पीयूष और कुलदीप ने ही सबसे पहले राधिका को घायल अवस्था में देखा और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
फिलहाल दीपक यादव पुलिस हिरासत में है। उसके खिलाफ भारतीय न्याया संहिता की धारा 103(1) BNS और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। मृतका राधिका यादव एक होनहार टेनिस खिलाड़ी थीं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताएं जीती थीं। कंधे में चोट लगने के बाद उन्होंने पेशेवर खेल को छोड़ दिया था और अपनी खुद की टेनिस अकादमी शुरू की थी।

