रविवार, मई 3, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजPAK के झूठ पर विदेश सचिव की दो टूक: राफेल नहीं गिरा,...

PAK के झूठ पर विदेश सचिव की दो टूक: राफेल नहीं गिरा, सही वक्त पर देंगे करारा जवाब

6-7 मई की रात भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस सटीक ऑपरेशन में भारतीय सेनाओं ने बेहद सावधानी से सिर्फ उन जगहों पर हमला किया जहां आतंकियों की मौजूदगी पक्की थी। हमला खत्म होते ही पाकिस्तान ने अपना पुराना खेल शुरू किया और दावा ठोक दिया कि उसने भारत के तीन राफेल विमान मार गिराए हैं। जबकि इस दावे का कोई सबूत अब तक सामने नहीं आया है।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने PAK को आड़े हाथों लिया

MEA की प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने साफ कर दिया कि पाकिस्तान झूठ का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि अगर राफेल विमान गिराए गए होते तो अब तक भारत खुद इसकी पुष्टि करता। मिसरी ने कहा, “पाकिस्तान तो 1947 से ही झूठ बोलता आया है। जम्मू-कश्मीर पर हमला किया और कहा कि हमलावर कबायली हैं। जब यूएन पहुंचा तो खुद मानना पड़ा कि फौज उसकी ही थी।” उन्होंने साफ कर दिया कि राफेल के मुद्दे पर वक्त आने पर पूरी जानकारी दी जाएगी।

भारत ने केवल आतंकियों को निशाना बनाया, आम जनता को नहीं

7 मई की कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान ये कह रहा है कि भारत ने आम नागरिकों को निशाना बनाया, जबकि विदेश सचिव ने इसे सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा, “हमने सिर्फ वहां हमला किया जहां आतंकियों के कैंप थे। जहां आतंकी ट्रेनिंग लेते हैं और जहां उनके जनाजे तक निकाले जाते हैं, उन्हीं जगहों को टारगेट किया गया।” यानी भारत की नीति एकदम साफ है—आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस।

नीलम-झेलम प्रोजेक्ट पर आरोप बेबुनियाद

पाकिस्तान की तरफ से दावा किया गया कि भारत ने नीलम-झेलम प्रोजेक्ट को टारगेट किया। इस पर विक्रम मिसरी ने कहा कि ये बिल्कुल झूठ है। उन्होंने साफ कहा कि अगर पाकिस्तान हमारे जवाब को बहाना बनाकर भारतीय इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला करेगा तो उसकी पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तान की होगी।

सिखों पर हमला कर रहा है पाकिस्तान

विदेश सचिव ने एक और बड़ा खुलासा किया कि पाकिस्तान जानबूझकर जम्मू-कश्मीर के सिखों को टारगेट कर रहा है। पुंछ में गुरुद्वारे पर हमला किया गया और सिख समुदाय के लोगों की हत्या की गई। मिसरी ने बताया कि इन हमलों में तीन सिखों की मौत हुई है और कुल 16 नागरिक मारे गए हैं। यह हमला सिर्फ धार्मिक स्थल पर नहीं बल्कि भारत की विविधता पर सीधा हमला है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक

  1. भारत ने 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया।
  2. पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने 3 राफेल विमान गिरा दिए, जिसका कोई सबूत नहीं है।
  3. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा- वक्त आने पर राफेल से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
  4. भारत ने सिर्फ आतंकी ठिकानों को टारगेट किया, आम नागरिकों को नहीं।
  5. पाकिस्तान सिख समुदाय और धार्मिक स्थलों को भी टारगेट कर रहा है, पुंछ में गुरुद्वारे पर हमला इसका सबूत है।
अन्य खबरें