Sunday, August 2, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजराजस्थान के बॉर्डर जिलों में सभी स्कूल-मदरसे बंद, किशनगढ़ एयरपोर्ट 9 मई...

राजस्थान के बॉर्डर जिलों में सभी स्कूल-मदरसे बंद, किशनगढ़ एयरपोर्ट 9 मई तक सभी उड़ानें रद्द, ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी

राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और जोधपुर जिलों में प्रशासन ने 8 मई 2025 से अगले आदेश तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय राज्य भर में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल के बाद लिया गया है। 12वीं कक्षा तक की सभी कक्षाएं, मदरसे और आंगनबाड़ी केंद्र भी इस आदेश के दायरे में हैं।

जिलाधिकारियों द्वारा जारी निर्देश में परीक्षाओं को भी स्थगित करने को कहा गया है। यदि कोई संस्थान इस आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देश की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्रालय का निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित सीमावर्ती राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में सोशल मीडिया पर चल रहे राष्ट्र विरोधी कंटेंट पर निगरानी, अस्पतालों की इमरजेंसी तैयारियां और नागरिक सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में दिए गए मुख्य निर्देशों में शामिल हैं

  • अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाओं और ब्लड सप्लाई का पर्याप्त स्टॉक
  • बिजली बैकअप और सुरक्षित शेल्टर की तैयारी
  • सोशल मीडिया पर उकसाने वाले पोस्ट्स पर तत्काल कार्रवाई
  • खाद्य सामग्री और फ्यूल की उपलब्धता सुनिश्चित करना
  • संवेदनशील गांवों को जरूरत पड़ने पर खाली कराना
  • रेलवे व पुलिस स्टाफ की छुट्टियां रद्द, सभी कर्मियों को ड्यूटी ज्वाइन करने के आदेश

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर 9 मई तक उड़ानें रद्द

राजस्थान के अजमेर और नसीराबाद में सुरक्षा कारणों से ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने यह कदम सैन्य क्षेत्रों की सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनज़र उठाया है। पुलिस की टीमें ड्रोन गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

वहीं, किशनगढ़ एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखते हुए 9 मई तक सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। दिल्ली, पुणे, लखनऊ, नागपुर और अहमदाबाद के लिए चलने वाली उड़ानें फिलहाल बंद रहेंगी। यात्रियों को SMS और ईमेल के जरिए सूचित किया जा रहा है, साथ ही टिकट रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

आम जनता से संयम बरतने की अपील

राज्य सरकार और केंद्र के निर्देशों के तहत सीमावर्ती जिलों में सभी आपात सेवाएं अलर्ट पर हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट को रोकने के लिए भी कड़ी निगरानी की जा रही है।

अन्य खबरें