राजस्थान के अलवर जिले के खेरली कस्बे में दिल को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। एक 9 साल का मासूम बच्चा अपने ही पिता की हत्या का चश्मदीद बन गया। उसकी आंखों के सामने उसकी मां ने अपने प्रेमी और सुपारी किलर्स के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतरवा दिया।
7 जून की रात जब खेरली के वीरू उर्फ मान सिंह जाटव काम से लौटे, उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि घर के खुले दरवाज़े से मौत उनका इंतज़ार कर रही है। पुलिस को दिए बयान में बच्चे ने कहा, “पापा ने कहा मोबाइल चार्ज पर लगा दो…” फिर मम्मी बोली, सो जा बेटा… मैं आंखें बंद कर ही रहा था कि गेट खुलने की आवाज़ आई। मां ने गेट खोला, बाहर काशी अंकल थे, उनके साथ चार लोग और थे।”
‘काशी अंकल ने पापा का मुंह तकिए से दबा दिया’
बच्चे की ज़ुबानी पूरी रात की कहानी पुलिस के सामने खुल गई। उसने बताया कि कैसे उसकी मां अनीता दरवाजा खोलती है, प्रेमी काशी प्रजापत और चार अन्य युवक अंदर घुसते हैं और सोते हुए वीरू को पकड़कर पीटना शुरू कर देते हैं। “मैंने देखा पापा की चारपाई हिल रही थी। मम्मी सामने खड़ी थी। काशी अंकल ने तकिए से पापा का मुंह दबाया। जब मैं पापा के पास जाने लगा तो उन्होंने मुझे उठाकर धमकाया। थोड़ी देर बाद पापा मर गए।”
2 लाख में दी गई थी सुपारी
पुलिस जांच में सामने आया कि वीरू की हत्या अनीता और उसके प्रेमी काशी की सोची-समझी साजिश थी। दोनों ने 2 लाख रुपये में चार सुपारी किलर्स को हायर किया। हत्या से पहले अनीता ने मकान का मेन गेट खुला छोड़ा था ताकि काशी अपने साथियों के साथ सीधे अंदर आ सके।
कचौरी वाला बना कातिल प्रेमी
वीरू और अनीता की लव मैरिज थी। यह दोनों की दूसरी शादी थी। अनीता खेरली में जनरल स्टोर चलाती थी, जबकि काशी पास में ही कचौरी का ठेला लगाता था। दुकान के सिलसिले में शुरू हुई बातचीत जल्द ही प्रेम-प्रसंग में बदल गई। जब वीरू को शक हुआ तो दोनों ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया।
‘अब मम्मी बहुत बेकार लगती है’
बच्चे ने पुलिस को बताया कि जब पापा घर नहीं होते थे, काशी अंकल घर आते थे। वो कहता है, “अब मम्मी बहुत बेकार लगती है… उन्होंने ही पापा को मरवाया है।” ये बयान पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत बनकर सामने आया।
हत्या के बाद हुआ नाटक
अगली सुबह अनीता ने दावा किया कि वीरू की तबीयत रात में अचानक बिगड़ गई। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आए चोट के निशान, टूटा दांत और बेटे के बयान ने साजिश की परतें खोल दीं।
वीरू के भाई गब्बर जाटव ने थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस ने कॉल डिटेल्स और 100 से ज्यादा CCTV फुटेज की मदद से अनीता, काशी और उनके सहयोगी बृजेश जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन सुपारी किलर्स की तलाश जारी है।
यह वारदात सिर्फ एक मर्डर केस नहीं, बल्कि उस मासूम की टूटती दुनिया की कहानी भी है, जिसने अपने घर में अपनी मां को सबसे बड़ा दुश्मन बनते देखा।
खबर की बड़ी बातें
- अलवर के खेरली कस्बे में महिला ने प्रेमी और चार सुपारी किलर्स के साथ मिलकर पति वीरू जाटव की हत्या करवाई।
- हत्या 7 जून की रात की गई, जब वीरू घर लौटे थे; गला घोंटकर और मारपीट कर जान ली गई।
- 9 साल का बेटा वारदात का इकलौता चश्मदीद है; उसने पुलिस को बताया, “मैंने मम्मी को गेट खोलते देखा, पापा को मारा गया।”
- महिला अनीता ने कचौरी ठेले वाले प्रेमी काशी के साथ मिलकर 2 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी।
- पुलिस ने अनीता, काशी और बृजेश जाटव को गिरफ्तार कर लिया है; तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

