Tuesday, October 27, 2026
spot_img
Homeराजस्थानराजस्थान में झुलसाती गर्मी, बीकानेर में 47 डिग्री पार, जल्द आंधी-बारिश से...

राजस्थान में झुलसाती गर्मी, बीकानेर में 47 डिग्री पार, जल्द आंधी-बारिश से राहत के आसार

राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। बीकानेर, जोधपुर और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान तेजी से बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटे में श्रीगंगानगर में पारा 47.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है। बीकानेर में 46.6, चूरू में 46.1, जैसलमेर में 46, और पिलानी में 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। करौली राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा।

बीकानेर और जोधपुर में अगले तीन दिन तीव्र लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बीकानेर और जोधपुर संभाग में अगले तीन दिन तक तीव्र हीटवेव जारी रहने की आशंका है। कुछ स्थानों पर तापमान 46 से 48 डिग्री के बीच रह सकता है। लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

उदयपुर, जयपुर, भरतपुर संभाग में हल्की बारिश दर्ज

गर्मी के इस दौर के बीच कुछ राहत की बूंदें भी टपकी हैं। उदयपुर, जयपुर और भरतपुर संभाग में बीते 24 घंटे में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा वर्षा प्रतापगढ़ जिले के अरनोद में 23 मिमी हुई, जिससे स्थानीय तापमान में हल्की गिरावट देखी गई।

23-24 मई से प्रदेश में आंधी-बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान में 23 मई से और पश्चिमी राजस्थान में 24 मई से आंधी, तेज हवाएं (50-60 किमी/घंटा) और हल्की बारिश की संभावना है। इससे गर्मी के कहर से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में 25 मई को आंधी और गर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं उदयपुर और कोटा संभाग में अगले 4-5 दिन तक तेज मेघगर्जन और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

अन्य खबरें