Friday, October 23, 2026
spot_img
Homeराजस्थानकार्यकर्ता पर कार्रवाई से नाराज विधायक पहुंचे थाने, हैड कांस्टेबल को लगाई...

कार्यकर्ता पर कार्रवाई से नाराज विधायक पहुंचे थाने, हैड कांस्टेबल को लगाई फटकार, एसपी ने किया लाइन हाजिर

राजस्थान के दौसा ज़िले में लालसोट से विधायक रामविलास मीणा और स्थानीय पुलिस के बीच मंगलवार को जमकर नोकझोंक हुई। मामला उस वक्त गरमाया जब विधायक अपने कार्यकर्ता अर्जुन मीणा के साथ थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की है। थाने में तैनात हेड कांस्टेबल चंदन सिंह पर विधायक ने खुले तौर पर फटकार लगाई और फोन पर एसपी से बात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

थाने में वायरल हुआ तीखा वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विधायक और कांस्टेबल के बीच कहासुनी साफ़ देखी जा सकती है। विधायक ने कांस्टेबल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि न वे खुद किसी गलत काम की सिफारिश करते हैं और न ही उनके कार्यकर्ता ऐसे हैं। साथ ही थानाधिकारी रामचरण गुर्जर को भी चेताया कि अपने अधीनस्थों पर नियंत्रण रखें।

दो महीने पुराने एक्सीडेंट का विवाद

पूरा विवाद करीब ढाई महीने पहले हुए एक सड़क हादसे से जुड़ा है। रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र में विधायक के कार्यकर्ता की बोलेरो गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ था, जिसके लिए चालान भरा गया था। इसी मामले में हेड कांस्टेबल पर आरोप है कि उसने ड्राइवर के बजाय किसी और के लाइसेंस का जिक्र किया था, जिससे नाराज़ होकर विधायक थाने पहुंच गए।

SP ने तुरंत लिया एक्शन

विधायक ने मौके से ही एसपी को फोन कर हेड कांस्टेबल को सस्पेंड या लाइन हाजिर करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत हेड कांस्टेबल चंदन सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।

जांच की उठी मांग, विवाद जारी

विधायक रामविलास मीणा ने इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस महकमा अब स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभालने में जुटा है, ताकि मामला और न बढ़े। इस प्रकरण ने राजनीतिक गलियारों से लेकर स्थानीय प्रशासन तक में हलचल मचा दी है।

अन्य खबरें