राजस्थान में बीते 24 घंटों में कई जिलों में झमाझम बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव और बाढ़ जैसे खतरे भी बढ़ा दिए हैं। सबसे अधिक बारिश अजमेर जिले के नसीराबाद में दर्ज की गई, जहां 163 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले 2–3 दिन भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
कई जिलों में नदी-नाले उफान पर
लगातार बारिश के चलते राजस्थान के नदी-नाले उफान पर हैं। सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खेतों में पानी भरने लगा है और ग्रामीण इलाकों में सड़कें कीचड़ और पानी से लबालब हो गई हैं। झुंझुनूं, भरतपुर, श्रीगंगानगर, सवाई माधोपुर, करौली जैसे जिलों में तेज बारिश हुई।
जयपुर समेत 13 जिलों में येलो अलर्ट
11 जुलाई को जयपुर, कोटा, अजमेर, दौसा, टोंक, चूरू, श्रीगंगानगर समेत 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह 4 से 7 बजे के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो सकती है।
तापमान में भी गिरावट दर्ज
मौसम की इस करवट से तापमान में भी गिरावट आई है। माउंट आबू का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अजमेर में 21.2 और जयपुर में 26 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हवा में नमी का स्तर 60 से 100 प्रतिशत के बीच रहा।
11 से 16 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना
मानसून की द्रोणिका अब समुद्र तल पर अपनी सामान्य स्थिति के करीब है। इस कारण 11, 14 और 16 जुलाई को पूर्वी राजस्थान में और 10, 12–16 जुलाई के बीच पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इस अवधि में सतर्क रहने की सलाह दी है।

