सोमवार, जून 16, 2025
spot_img
होमराजस्थानRBSE 12वीं रिजल्ट 2025 जारी: बेटियों ने फिर मारी बाज़ी, आर्ट्स, साइंस,...

RBSE 12वीं रिजल्ट 2025 जारी: बेटियों ने फिर मारी बाज़ी, आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स में बेहतरीन प्रदर्शन

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने आखिरकार 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए गुरुवार शाम को परिणाम जारी किए। इस बार विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों संकायों के परिणाम एक साथ जारी किए गए। अभ्यर्थी अब अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।

शिक्षा मंत्री ने नागौर से किया रिजल्ट का ऐलान

राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने नागौर में जिला कलेक्टर कार्यालय से शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए नतीजों की घोषणा की। उन्होंने इस मौके पर तीनों स्ट्रीम के टॉपर्स से फोन पर बात कर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। वहीं अजमेर स्थित बोर्ड मुख्यालय से बोर्ड प्रशासक महेश चंद शर्मा और सचिव कैलाश शर्मा ने परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा कीं।

तीनों संकायों में दमदार प्रदर्शन, बेटियां रहीं अव्वल

इस वर्ष विज्ञान संकाय में 98.43%, वाणिज्य में 99.07% और कला में 97.78% छात्र पास हुए हैं। हर संकाय में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। विज्ञान में लड़कियों का पास प्रतिशत 99.02% और लड़कों का 98.07% रहा। वाणिज्य में लड़कियां 99.27% के साथ आगे रहीं, वहीं आर्ट्स में 98.42% छात्राएं पास हुईं।

सवा महीने में जारी हुआ रिजल्ट

इस साल 6 मार्च से 7 अप्रैल 2025 के बीच 12वीं बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी। कुल 8,93,616 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इसमें से विज्ञान संकाय में 2,73,984, वाणिज्य में 28,250 और कला संकाय में 5,87,475 छात्रों ने भाग लिया। इसके अलावा 3,907 वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षार्थी भी शामिल थे।

छात्रों की मदद के लिए व्हाट्सएप हेल्पलाइन सेवा शुरू

बोर्ड ने छात्रों की सुविधा के लिए जिलेवार व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इन नंबरों के माध्यम से छात्र अपने परिणाम से जुड़ी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।

अन्य खबरें