रोहतक में स्थित नए बस स्टैंड के नजदीक एक होटल पर पुलिस ने बुधवार शाम को छापा मारा। कार्रवाई के दौरान होटल में देह व्यापार में लिप्त तीन लड़कियां पकड़ी गईं, जिनके साथ तीन युवक भी मौजूद थे। पुलिस को इस होटल में देह व्यापार की लगातार शिकायतें मिल रही थी। पुलिस ने यहां से छह युवक-युवतियों को हिरासत में लिया है।
डीएसपी गुलाब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस स्टैंड के आस-पास मौजूद तीन होटलों में जांच की। इनमें से एक होटल में देह व्यापार का खुलासा हुआ। डीएसपी ने जानकारी दी कि लंबे समय से पुलिस को होटलों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई।
तीन लड़कियां बाहर की
पुलिस जांच में सामने आया कि देह व्यापार में लिप्त तीनों लड़कियां बाहर की हैं। इनमें एक असम, दूसरी पश्चिम बंगाल और तीसरी रायपुर, छत्तीसगढ़ की रहने वाली है। पूछताछ में पता चला कि इन लड़कियों को पैसे का लालच देकर इस काम में धकेला गया था।
फर्जी ग्राहक बनाकर किया गया था भंडाफोड़
इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस ने एक जवान को फर्जी ग्राहक बनाकर होटल में भेजा। उसने होटल में पहुंचकर जैसे ही लड़की की मांग की, होटल संचालक ने तुरंत उसकी व्यवस्था कर दी। यह इशारा मिलते ही पुलिस ने अंदर घुसकर रेड मारी और मौके से तीन ग्राहक पकड़े।
होटल से बरामद हुई शक्तिवर्धक दवाएं
रेड के दौरान होटल के कमरे से कुछ दवाइयां भी बरामद की गईं, जो शरीर में ताकत बढ़ाने के लिए प्रयोग की जाती हैं। पुलिस के अनुसार, ये दवाएं अक्सर ग्राहकों को उपलब्ध करवाई जाती थीं, जिससे संदेह और भी गहरा गया है।
होटल मालिक फरार, साथी और रिसेप्शनिस्ट हिरासत में
डीएसपी गुलाब सिंह ने बताया कि जैसे ही रेड की खबर फैली, होटल मालिक पिछले दरवाजे से फरार हो गया। हालांकि, उसका एक साथी और रिसेप्शन पर मौजूद युवती को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रैकेट से जुड़ी गहराई से जानकारी निकालने की कोशिश कर रही है।

