Monday, April 28, 2025
spot_img
Homeटॉप न्यूजयूपी के सहारनपुर की पटाख फैक्ट्री में ब्लास्ट, तीन की मौत, आक्रोशित...

यूपी के सहारनपुर की पटाख फैक्ट्री में ब्लास्ट, तीन की मौत, आक्रोशित लोगों ने जाम किया हाईवे

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में शनिवार सुबह एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे निहालखेड़ी गांव में हुआ, जहां एक बीघा जमीन पर अवैध रूप से फैक्ट्री चलाई जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद एक के बाद एक कई विस्फोट हुए, जिससे पूरी इमारत चंद सेकंड में ढह गई। विस्फोट के समय फैक्ट्री में नौ लोग बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।

धमाके की गूंज 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, सैकड़ों लोग पहुंचे मौके पर

स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट इतना भीषण था कि आवाज 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के वक्त फैक्ट्री में 9 लोग मौजूद थे, जिनमें से कई मलबे में दब गए। शरीर के टुकड़े दूर-दूर तक बिखरे हुए मिले। धमाके की तीव्रता ऐसी थी कि लोगों को भूकंप जैसा एहसास हुआ। आसपास के गांवों से हजारों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

इलाके को किया गया सील, कई थानों की फोर्स मौके पर

पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। कई थानों की फोर्स को तैनात किया गया है। नेशनल हाईवे-59 से सटे गांव में हुए इस हादसे को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से चलाया जा रहा है। हालांकि अभी तक कितने लोगों की मौत हुई है या कितने घायल हुए हैं, इसका आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।

अवैध फैक्ट्री को लेकर परिजनों में आक्रोश, हाईवे पर किया जाम

हादसे के बाद मृतकों और घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे और आक्रोश में आकर हाईवे पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन पर अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री की अनदेखी का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि इस फैक्ट्री के खिलाफ पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

प्रशासन ने शुरू की जांच, मलबे से निकाले जा रहे हैं शव

प्रशासन की ओर से जांच शुरू कर दी गई है और फैक्ट्री के मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि फैक्ट्री संचालक के पास आवश्यक लाइसेंस और दस्तावेज थे या नहीं।

अन्य खबरें