मंगलवार, जून 9, 2026
spot_img
होमबाजारसेंसेक्स 300 अंक टूटा, निफ्टी में 100 अंक की गिरावट; IT-मेटल सेक्टर...

सेंसेक्स 300 अंक टूटा, निफ्टी में 100 अंक की गिरावट; IT-मेटल सेक्टर में दिखी तेजी

हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार, 20 मई को घरेलू शेयर बाजारों ने कमजोर शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स लगभग 300 अंक गिरकर 81,700 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 100 अंक फिसलकर 24,850 पर ट्रेड कर रहा है।

सेंसेक्स के 30 में से 20 स्टॉक्स में गिरावट दिखी। टाटा स्टील, इंफोसिस और टेक महिंद्रा जैसे IT और मेटल स्टॉक्स में करीब 1% की तेजी आई। दूसरी ओर, पावर ग्रिड, HDFC बैंक और रिलायंस जैसे दिग्गज शेयरों में करीब 1% की कमजोरी देखी गई।

ग्लोबल बाजारों में मजबूती, एशियाई इंडेक्स हरे निशान में

वैश्विक स्तर पर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। जापान का निक्केई 200 अंक (0.5%) ऊपर 37,700 के पास कारोबार कर रहा है, जबकि कोरिया का कोस्पी 0.3% बढ़कर 2,610 पर पहुंचा। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.3% उछाल के साथ 23,630 पर है और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.38% चढ़कर 3,380 पर कारोबार कर रहा है।

19 मई को अमेरिकी बाजारों में डाउ जोंस 137 अंक (0.32%) ऊपर 42,792 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक और S&P 500 लगभग सपाट रहे।

मई में निवेशकों की दिलचस्पी बरकरार

19 मई को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में ₹525.95 करोड़ की शुद्ध बिक्री की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने ₹237.93 करोड़ की बिक्री दर्ज की।

मई महीने में अब तक FIIs ने ₹23,256.69 करोड़ और DIIs ने ₹23,060.62 करोड़ की नेट खरीदारी की है। यह आंकड़ा बताता है कि घरेलू निवेशकों की बाजार में पकड़ लगातार मजबूत बनी हुई है।

अप्रैल में FIIs की कुल खरीदारी ₹2,735.02 करोड़ रही, जबकि DIIs ने ₹28,228.45 करोड़ की जबरदस्त नेट इनवेस्टमेंट दर्ज की थी।

सेक्टोरल मूवमेंट: IT और मेटल चमके, ऑटो-मीडिया-रियल्टी में दबाव

NSE के सेक्टोरल इंडेक्स में IT इंडेक्स में 1% और मेटल में 0.8% की तेजी देखी गई, जिससे इन सेक्टरों के शेयरों में मजबूती बनी रही। दूसरी ओर, ऑटो, मीडिया और रियल एस्टेट सेक्टर में करीब 1% की गिरावट आई है, जिससे बाजार में संतुलन बना रहा।

अन्य खबरें