हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शाहाबाद की मीना मार्केट में बाइक सवार दो बदमाशों ने शराब कारोबारी शांतनु को सरेआम गोलियों से भून डाला। वारदात रात करीब 8 बजे की है, जब शांतनु अपनी गाड़ी से उतरकर कुछ सामान लेने के लिए मार्केट पहुंचे थे।
8 से 9 राउंड फायरिंग, मौके पर भगदड़
जैसे ही शांतनु ने कार से बाहर कदम रखा, दो नकाबपोश हमलावर बाइक पर पहुंचे और उन पर एक के बाद एक 8 से 9 राउंड फायरिंग कर दी। कई गोलियां कारोबारी की छाती और गर्दन में जा लगीं। गोलीबारी से मीना मार्केट में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में पहुंचते ही मृत घोषित
स्थानीय लोगों ने घायल शांतनु को तुरंत मोहड़ी स्थित आदेश अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं और छानबीन शुरू कर दी।
हमले की वजह पर सस्पेंस कायम
हत्या के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं है। पुलिस इसे शराब के कारोबार से जुड़ी आपसी रंजिश या फिर गैंगवार से जोड़कर देख रही है। घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने बाजार क्षेत्र की नाकाबंदी भी कर दी है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इलाके में फैली दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद शाहाबाद कस्बे में तनाव का माहौल है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। मृतक के परिजन अस्पताल और थाने पहुंच चुके हैं और इंसाफ की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेज़ कर दी गई है और जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

