अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में गुरुवार को डोनाल्ड ट्रम्प का विवादित ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ आखिरकार पास हो गया। टैक्स और सरकारी खर्च में कटौती करने वाला यह बिल 218 वोटों के समर्थन से पारित हुआ, जबकि 214 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया। हैरानी की बात यह रही कि ट्रम्प की अपनी ही रिपब्लिकन पार्टी के दो सांसद, थॉमस मैसी और ब्रायन फिट्जपैट्रिक ने इसका विरोध किया।
व्हाइट हाउस में साइनिंग सेरेमनी तय
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति ट्रम्प इस बिल पर शुक्रवार शाम 5 बजे, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह में हस्ताक्षर करेंगे। इससे दो दिन पहले ही बिल अमेरिकी सीनेट में 50-51 के बेहद करीबी अंतर से पास हुआ था। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने निर्णायक वोट डालकर इसे मंजूरी दिलाई थी।
मस्क ने फिर किया बिल का विरोध
टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क इस बिल को लेकर शुरू से मुखर रहे हैं। शनिवार को उन्होंने फिर X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी नाराजगी जताई और लिखा, “यह बिल अमेरिका में लाखों नौकरियों को खत्म कर देगा और देश को रणनीतिक नुकसान पहुंचाएगा।” मस्क ने इसे “विनाशकारी” और “पागलपन से भरा” बताया। उनका कहना है कि यह पुराने उद्योगों को फायदा देता है जबकि भविष्य के टेक्नोलॉजी सेक्टर को नुकसान पहुंचाता है।
मस्क ने छोड़ा ट्रम्प प्रशासन का पद
मस्क ने ट्रम्प प्रशासन में गवर्नमेंट एफिशिएंसी विभाग के प्रमुख पद से पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे की वजह भी यही बिल था, जिसे वह अमेरिकी टेक इंडस्ट्री के खिलाफ मानते हैं।
ट्रम्प बोले- मस्क को लौटना होगा अफ्रीका
मस्क के आलोचनात्मक ट्वीट्स के बाद ट्रम्प ने करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “अगर सरकारी सब्सिडी बंद कर दी जाए तो मस्क को अपनी कंपनियां बंद कर दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ेगा।” ट्रम्प का दावा है कि मस्क को अब तक सरकारी सब्सिडी के रूप में इतनी धनराशि मिली है जितनी किसी और को नहीं मिली। ट्रम्प ने DoGE (Department of Government Efficiency) से इस पूरे मामले की जांच की मांग भी की।
EV मैंडेट को लेकर तीखा विवाद
ट्रम्प ने दोहराया कि वह इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को लेकर किसी भी प्रकार के अनिवार्य आदेश (EV मैंडेट) के खिलाफ हैं। उनके अनुसार, “इलेक्ट्रिक कारें अच्छी हैं, लेकिन हर किसी पर उसे खरीदने का दबाव बनाना गलत है।” इस पर मस्क ने ट्रम्प को ‘एहसान फरामोश’ बताया और कहा कि अगर उन्होंने समर्थन न दिया होता, तो ट्रम्प 2020 का चुनाव हार गए होते।
सोशल मीडिया पर बयानबाज़ी तेज
यह विवाद 5 जून को उस वक्त चरम पर पहुंचा जब ट्रम्प ने मीडिया से कहा कि मस्क उनके निर्णयों से नाराज़ हैं, जबकि उन्होंने मस्क की काफी मदद की है। इसके जवाब में मस्क ने X पर ट्रम्प के खिलाफ कई तीखे ट्वीट किए। उन्होंने ट्रम्प पर महाभियोग चलाने तक की मांग उठा दी।
इसके बाद ट्रम्प ने भी ट्रुथ सोशल पर मस्क पर पलटवार करते हुए EV मैंडेट के वापस लेने के बाद मस्क को ‘पागल’ कहा और उनकी कंपनियों को दी जा रही सब्सिडी खत्म करने की धमकी दे डाली।

