Tuesday, October 27, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजक्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने पीएम मोदी से की मुलाकात: IPL का सबसे...

क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने पीएम मोदी से की मुलाकात: IPL का सबसे कम उम्र का सितारा, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बिहार दौरे के आखिरी दिन पटना एयरपोर्ट पर क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात की। इस मौके पर वैभव के माता-पिता भी साथ थे। वैभव ने प्रधानमंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। यह मुलाकात करीब 10 मिनट तक चली, हालांकि बातचीत में क्या हुआ यह जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले वैभव को देखकर लोग भावुक हो उठे क्योंकि इस 14 साल के लड़के ने IPL में कमाल कर दिखाया है।

14 साल की उम्र में IPL डेब्यू, पहले ही मैच में छक्के-चौकों की बारिश

वैभव सूर्यवंशी ने 19 अप्रैल 2025 को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की ओर से IPL डेब्यू किया था। उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ 14 साल और 23 दिन थी। इससे पहले ये रिकॉर्ड प्रयास रे बर्मन के नाम था, जिन्होंने 16 साल की उम्र में डेब्यू किया था। वैभव ने डेब्यू मैच में 34 रन सिर्फ 20 गेंदों में बनाए, जिसमें तीन छक्के शामिल थे। ये वैभव का पहला सीजन था, लेकिन प्रदर्शन ऐसा रहा कि सबकी नजरें उन पर टिक गईं।

IPL में कमाल का सीजन, एक शतक और एक अर्धशतक जड़ा

वैभव ने इस सीजन में कुल 7 मैच खेले और 252 रन बनाए। उनका एवरेज 36 और स्ट्राइक रेट 206.55 रहा। सबसे खास बात ये रही कि उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक ठोका। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 2024 के मेगा ऑक्शन में 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था। एक 14 साल के खिलाड़ी के लिए ये किसी सपने से कम नहीं था, लेकिन वैभव ने इसे हकीकत में बदला।

सबसे कम उम्र में फिफ्टी और दूसरा सबसे तेज शतक लगाया

20 मई को वैभव ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 14 साल और 32 दिन की उम्र में IPL फिफ्टी ठोकी। इससे पहले सबसे कम उम्र में फिफ्टी का रिकॉर्ड रियान पराग के नाम था। वहीं 28 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह IPL इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक था। सबसे तेज शतक 2013 में क्रिस गेल ने 30 गेंदों में लगाया था। वैभव अब IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

पिता ने जमीन बेचकर बेटे को बनाया क्रिकेटर

वैभव के इस सफर के पीछे उनके पिता संजीव सूर्यवंशी की मेहनत है। समस्तीपुर के ताजपुर के रहने वाले संजीव ने बेटे की ट्रेनिंग के लिए जमीन बेच दी थी। वैभव ने 9 साल की उम्र में क्रिकेट शुरू किया और ज़ेनिथ क्रिकेट एकेडमी से ट्रेनिंग ली। उनके कोच बताते हैं कि वैभव के पिता रोज़ 100 किमी दूर मैच दिखाने ले जाते थे। जब वैभव एक्स्ट्रा ट्रेनिंग करते, तो पिता बाकी 10 खिलाड़ियों के लिए भी टिफिन पैक करते ताकि वो वैभव को एक्स्ट्रा बॉलिंग दे सकें।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. बिहार के 14 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने पीएम मोदी से मुलाकात कर पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
  2. वैभव ने IPL में 14 साल और 23 दिन की उम्र में डेब्यू कर नया रिकॉर्ड बनाया।
  3. उन्होंने इस सीजन में 7 मैच में 252 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक फिफ्टी शामिल है।
  4. उन्होंने 35 गेंदों में IPL का दूसरा सबसे तेज शतक भी लगाया, सबसे तेज शतक क्रिस गेल के नाम है।
  5. वैभव के पिता ने जमीन बेचकर उन्हें क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलाया और हर कदम पर उनका साथ दिया।
अन्य खबरें