Thursday, October 29, 2026
spot_img
Homeधर्म-संस्कृतिVastu Tips: घर में हमेशा ध्यान रखें इन छह वास्तु नियमों का,...

Vastu Tips: घर में हमेशा ध्यान रखें इन छह वास्तु नियमों का, मेहनत का परिणाम मिलेगा, नहीं रहेगी धन की कमी

वास्तु शास्त्र के इन 6 नियमों का पालन करें और धन हानि से बचें, साथ ही घर में शांति बनाए रखें।

नई दिल्ली. वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर के वास्तु का हमारे जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। यदि घर में वास्तु से जुड़ी छोटी-छोटी गलतियां होती हैं, तो यह अचानक से धन हानि, कार्यों में रुकावटें और पारिवारिक समस्याओं का कारण बन सकती हैं। घर में वास्तु दोष के कारण कभी-कभी मेहनत के बावजूद परिणाम सही नहीं मिलते, और धन के आगमन में अवरोध पैदा हो जाता है। इसके अलावा, पारिवारिक जीवन में अशांति और मानसिक तनाव भी बढ़ सकते हैं। इसीलिए, वास्तु के कुछ महत्वपूर्ण नियमों को ध्यान में रखकर हम अपने जीवन को और भी खुशहाल और स्थिर बना सकते हैं। आइए जानते हैं वास्तु के 6 महत्वपूर्ण नियमों के बारे में।

1. पानी टपकते नल को तुरंत ठीक करें

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर के किसी भी नल से पानी का टपकना शुभ संकेत नहीं माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि यह धन हानि का कारण बन सकता है क्योंकि पानी को धन की संज्ञा दी जाती है। टपकते नल घर में नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं, इसलिए इन्हें तुरंत ठीक करवा लेना चाहिए।

2. वाशरूम की सफाई पर ध्यान दें

वास्तु के अनुसार, वाशरूम की सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। वाशरूम में गंदगी, मकड़ी के जाले या किसी प्रकार की अशुद्धि घर में नकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। इसे तुरंत साफ करना चाहिए, ताकि घर में शांति बनी रहे।

3. दीवारों और फर्श में दरारें न रखें

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की दीवारों और फर्श में दरारें शुभ नहीं मानी जातीं। ये दरारें घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश कराती हैं और जीवन में समस्याओं का कारण बन सकती हैं। इन्हें ठीक करवा लेना चाहिए ताकि घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बना रहे।

4. बिस्तर पर बैठकर भोजन न करें

वास्तु के मुताबिक, बिस्तर पर बैठकर भोजन करना गलत माना जाता है। भोजन के बाद थाली को पलंग या टेबल के नीचे रखना भी वास्तु के खिलाफ है। साथ ही, भोजन करते समय दक्षिण दिशा में मुंह करके बैठना भी नकारात्मक ऊर्जा का कारण बन सकता है। हमेशा भोजन पूर्व या उत्तर दिशा में मुंह करके करना चाहिए।

5. उत्तर दिशा में कूड़ा-कबाड़ न रखें

वास्तु के अनुसार, घर के उत्तर दिशा में कूड़ा या कबाड़ रखना सही नहीं है। उत्तर दिशा को कुबेर देवता का स्थान माना जाता है। इस दिशा को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखना चाहिए। कूड़ा-कचरा रखने से न केवल नकारात्मक ऊर्जा आती है, बल्कि यह धन और समृद्धि में रुकावट भी पैदा कर सकता है।

6. किचन को हमेशा साफ रखें

वास्तु के मुताबिक, किचन को घर के सबसे पवित्र स्थानों में से एक माना जाता है। यहां देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए इसे हमेशा साफ रखना चाहिए। गैस या चूल्हे पर बर्तन चढ़ा रहना शुभ नहीं माना जाता है, और किचन को गंदा छोड़ना वास्तु दोष उत्पन्न करता है।

अन्य खबरें