Saturday, October 24, 2026
spot_img
Homeटॉप न्यूजगिरते ही आग का गोला बना एअर इंडिया का विमान, अहमदाबाद प्लेन...

गिरते ही आग का गोला बना एअर इंडिया का विमान, अहमदाबाद प्लेन हादसे का खौफनाक वीडियो

अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI171 ने जैसे ही रनवे 23 से दोपहर 1:39 पर उड़ान भरी, कुछ ही मिनटों में हादसे का शिकार हो गई। DGCA की रिपोर्ट के मुताबिक, टेकऑफ के 5 मिनट के अंदर ही विमान ने समुद्र तल से 625 फीट की ऊंचाई पर अचानक MAYDAY सिग्नल भेजा और फिर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके तुरंत बाद विमान अहमदाबाद के मेघाणी नगर इलाके में जमीन से टकरा गया और आग का भीषण गोला बन गया।

242 लोगों की जान पर बन आई

इस बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल था। प्लेन को कैप्टन सुमित सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर कुंदन उड़ा रहे थे। क्रू मेंबर की संख्या 12 थी। हादसे के वक्त विमान में कई नामचीन लोग भी मौजूद थे। बताया गया है कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस फ्लाइट में थे।

घटनास्थल बना श्मशान जैसा मंजर

हादसे के बाद का दृश्य दिल दहला देने वाला था। जलते हुए विमान से घना काला धुआं निकल रहा था। प्लेन के टुकड़े इलाके में बिखरे हुए थे। टकराव इतना जबरदस्त था कि पास की एक बिल्डिंग—जो डॉक्टरों का हॉस्टल बताई जा रही है—वो भी आग की चपेट में आ गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां आग बुझाने में लगी रहीं, वहीं चारों ओर अफरा-तफरी मच गई।

बचाव में जुटीं सभी एजेंसियां

हादसे के बाद एनडीआरएफ, बीएसएफ और लोकल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आसपास के सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। घायलों को ले जाने के लिए 5 एम्बुलेंस की तैनाती की गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने खुद राहत कार्यों की निगरानी शुरू की और पीएम मोदी ने भी नागरिक उड्डयन मंत्री से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

एअर इंडिया और टाटा ग्रुप का बयान

टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और एअर इंडिया की तरफ से जारी बयान में इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस हादसे से प्रभावित हुए हैं। इमरजेंसी ऑपरेशन एक्टिवेट कर दिया गया है और पीड़ित परिवारों को हर जरूरी मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. टेकऑफ के 5 मिनट बाद ही अहमदाबाद के मेघाणी नगर में क्रैश हुआ एअर इंडिया का विमान।
  2. फ्लाइट AI171 में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय नागरिक शामिल थे।
  3. हादसे के बाद विमान में आग लग गई, पास की बिल्डिंग भी चपेट में आ गई।
  4. फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और पुलिस ने शुरू किया बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन।
  5. विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे, सभी अस्पताल अलर्ट पर।
अन्य खबरें