अमेरिका के अलास्का राज्य में गुरुवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिनकी तीव्रता 7.3 मापी गई। भूकंप के तुरंत बाद यहां सुनामी चेतावनी जारी की गई, जो कुछ घंटों बाद हटा ली गई।
सैंड पॉइंट के पास था केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने जानकारी दी कि भूकंप का केंद्र अलास्का के पॉपोफ आइलैंड स्थित सैंड पॉइंट के पास जमीन से 36 किलोमीटर नीचे था। झटके इतने तीव्र थे कि आसपास के इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात ये रही कि अब तक किसी तरह की जनहानि या बड़ी क्षति की खबर सामने नहीं आई है।
सुनामी अलर्ट से बढ़ा डर
भूकंप के कुछ ही मिनटों में अलास्का की सुनामी चेतावनी प्रणाली ने साउथ कोस्ट के कुछ क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी कर दिया था। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की। हालांकि बाद में खतरे के स्तर को कम आंकते हुए चेतावनी को वापस ले लिया गया।
एक हफ्ते में 400 से ज्यादा झटके
अलास्का भूकंप एजेंसी के अनुसार, बीते एक सप्ताह में क्षेत्र में करीब 400 छोटे-बड़े भूकंप दर्ज किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक तीव्रता वाला भूकंप 16 जुलाई को अटका के पास 5.1 मैग्नीट्यूड का था। इससे यह स्पष्ट है कि अलास्का की ज़मीन लगातार हलचल में है।
सबडक्शन जोन में हुआ जोरदार कंपन
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने बताया कि यह भूकंप प्रशांत और उत्तर अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेट्स की सीमा पर स्थित सबडक्शन जोन में आया। इस क्षेत्र में थ्रस्ट फॉल्टिंग की घटनाएं आम हैं, जहां प्लेटें एक-दूसरी के नीचे धंसती हैं, जिससे इस तरह के शक्तिशाली भूकंप जन्म लेते हैं।
भूकंपों का गढ़ है अलास्का
भूगर्भीय रूप से, अलास्का बेहद सक्रिय क्षेत्र है। मिशिगन टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के अनुसार, 7.0 से ऊपर की तीव्रता वाले भूकंप विनाशकारी माने जाते हैं। अलास्का में हर साल ऐसे 10 से 15 भूकंप दर्ज होते हैं। यहां दुनिया के कुल भूकंपों का करीब 11% और अमेरिका के 17.5% भूकंप आते हैं।
पैसेफिक रिंग ऑफ फायर का हिस्सा
अलास्का दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंपीय ज़ोन, Pacific Ring of Fire का हिस्सा है। यह इलाका सक्रिय ज्वालामुखियों और अक्सर आने वाले भूकंपों के लिए जाना जाता है। अलास्का की धरती कई बार ऐसे बड़े झटके झेल चुकी है, जिनमें सबसे विनाशकारी था मार्च 1964 का भूकंप।
1964: अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप
इतिहास गवाह है कि 1964 में अलास्का में आए 9.2 तीव्रता के भूकंप ने एंकोरेज शहर को लगभग तबाह कर दिया था। इसके बाद आई सुनामी ने अलास्का की खाड़ी, अमेरिका के पश्चिमी तट और हवाई द्वीपों में भारी तबाही मचाई थी। वह अब तक का उत्तरी अमेरिका का सबसे बड़ा भूकंप माना जाता है।

