शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमराजस्थानगुरुवार को अमित शाह की जयपुर दौरा, ट्रैफिक रूट और पार्किंग एडवाइजरी...

गुरुवार को अमित शाह की जयपुर दौरा, ट्रैफिक रूट और पार्किंग एडवाइजरी जारी, बाहर से आने वालों के लिए जरूरी बातें

राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार, 17 जुलाई को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह का आगमन होने जा रहा है। वे पहली बार सहकारिता मंत्री के तौर पर यहां आयोजित हो रहे राष्ट्रीय सहकार सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह आयोजन दादिया, सांगानेर स्थित स्थल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किए जाने के मद्देनजर किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कर रहे हैं।

सम्मेलन को लेकर ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। अगर आप जयपुर में रहते हैं या 17 जुलाई को शहर की ओर आना तय है, तो आपको ट्रैफिक रूट में हुए परिवर्तनों की जानकारी पहले से होना जरूरी है।

जयपुर रिंग रोड पर चाकसू से सीतारामपुरा टोल प्लाजा तक, रिंग रोड सर्विस रोड पर सीतारामपुरा टोलप्लाजा तक, बी-2 बाईपास से लेकर टोंक रोड होते हुए रिंग रोड तक और आयोजन स्थल से सटे मुख्य मार्गों पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

वाहनों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रूट

टोंक रोड से आने वाले वाहन

ऐसे वाहन रिंग रोड से होते हुए वाटिका रोड पर जाएंगे। वहां टोल प्लाजा के पास निर्धारित स्थान से नीचे उतरकर रिंग रोड के समानांतर सड़क पर पहुंचकर वाहन निर्धारित पार्किंग में लगाए जा सकेंगे।

आगरा रोड से आने वाले वाहन

इन वाहनों को बगराना होते हुए रिंग रोड से गुजरते हुए वाटिका रोड पर लाया जाएगा, फिर टोल प्लाजा से पहले ही नीचे उतरकर पार्किंग स्थल तक ले जाया जाएगा।

अजमेर रोड से आने वाले वाहन

बड़ के बालाजी से नृसिंहपुरा पुलिया के पास से सर्विस लेन के जरिए वाहन रिंग रोड पर जाएंगे, और टोल प्लाजा से पहले ही नीचे उतरकर पार्किंग में जाएंगे।

दिल्ली रोड से आने वाले वाहन

चंदवाजी से एक्सप्रेस हाईवे होते हुए वाहन 200 फुट रोड से अजमेर रोड, फिर डीपीएस कट के आगे रिंग रोड होकर टोल प्लाजा के पास निर्धारित स्थान पर उतरेंगे।

सीकर रोड से आने वाले वाहन

हरमाड़ा, 14 नंबर विश्वकर्मा होते हुए वाहन एक्सप्रेस हाईवे से 200 फुट रोड, डीपीएस कट से आगे रिंग रोड के रास्ते पहुंचेंगे और निर्धारित स्थान पर पार्किंग करेंगे।

वाटिका मोड़ से वाहनों को मीणा चौक, वाटिका अंडरपास के पहले दाईं ओर सर्विस रोड से पार्किंग स्थल तक ले जाया जाएगा।

ट्रैफिक डायवर्जन की स्थिति में प्लान

अगर सम्मेलन के दौरान पैदल आवाजाही या ट्रैफिक का दबाव अधिक बढ़ता है, तो सामान्य ट्रैफिक को डायवर्ट करके वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए समय से पहले निकलने और वैकल्पिक रूट की जानकारी रखने की सलाह दी है।

इस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहने की संभावना है। ऐसे में आमजन को समय रहते यात्रा प्लान करने और ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार ही वाहन चलाने की जरूरत है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

अन्य खबरें