हरियाणा के जींद से हरिद्वार की ओर जाने वाली रोडवेज बसों के रूट में बड़ा बदलाव किया गया है। इस वर्ष कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यात्रियों की संख्या और सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। अब रोडवेज बसें पानीपत और शामली की बजाय करनाल होते हुए हरिद्वार जाएंगी।
करनाल रूट से दूरी 22 KM ज्यादा
पहले जींद से हरिद्वार की दूरी लगभग 263 किलोमीटर थी, जो अब करनाल रूट से बढ़कर 285 किलोमीटर हो गई है। इस कारण बस किराये में भी बढ़ोतरी की गई है। यात्रियों को पहले जहां ₹365 चुकाने पड़ते थे, अब उन्हें ₹435 देने होंगे।
हरिद्वार के लिए चार शेड्यूल बसें
जींद डिपो से रोजाना चार बसें हरिद्वार के लिए रवाना होती हैं। पहली बस सुबह 5:50 बजे, दूसरी 6:20 बजे, तीसरी 7:50 बजे और चौथी बस 9:25 बजे जींद से निकलती है। रूट परिवर्तन के बाद इन बसों का संचालन करनाल के रास्ते किया जा रहा है।
डीआई ने दी जानकारी, बदलाव अस्थायी
जींद बस स्टैंड के ड्यूटी इंस्पेक्टर जसमेर खटकड़ ने बताया कि यह बदलाव कांवड़ यात्रा की भीड़ और सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से किया गया है। स्थिति सामान्य होने के बाद पूर्व रूट को बहाल किया जा सकता है। इस दौरान यात्रियों को थोड़ी अतिरिक्त दूरी और खर्च के लिए तैयार रहना होगा।
कांवड़ियों के लिए विशेष एडवाइजरी
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने 23 नियमों वाली विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
एसपी बोले—कांवड़ पटरी का ही करें प्रयोग
जींद एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि सभी पैदल यात्री निर्धारित कांवड़ पटरी पर ही चलें। यात्रा के दौरान अपना पहचान पत्र जरूर रखें और जेबकतरों से सतर्क रहें। साथ ही वाहन में यात्रा करने वाले कांवड़ियों की सूची और यात्रा विवरण वाहन में चस्पा करें।
ड्रग्स, हथियार और जुगाड़ वाहन पूरी तरह बैन
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ लेकर चलना या उसका सेवन करना मना है। कांवड़ में शामिल श्रद्धालुओं को तलवार, लाठी, डंडा, नुकीले हथियार, हॉकी या बेसबॉल बैट जैसे सामान लाने की अनुमति नहीं होगी।
बाइक पर न करें स्टंट, डीजे साउंड पर रोक
बाइक सवारों को साइलेंसर हटाकर वाहन चलाने पर पाबंदी रहेगी। डीजे और म्यूजिक सिस्टम को वाहन की बॉडी के बाहर लगाने की इजाजत नहीं होगी। किसी भी अजनबी से खाद्य सामग्री न लें, यह सलाह भी एडवाइजरी में शामिल की गई है।

