शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजबांग्लादेश में एयरफोर्स का ट्रेनर जेट स्कूल पर गिरा, 19 की मौत,...

बांग्लादेश में एयरफोर्स का ट्रेनर जेट स्कूल पर गिरा, 19 की मौत, 70 जख्मी, बच्चों में मची भगदड़

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब बांग्लादेश वायुसेना का एफ-7 ट्रेनर विमान एक स्कूल की बिल्डिंग पर जा गिरा। हादसा उत्तरा इलाके के दियाबारी में हुआ, जहां माइलस्टोन कॉलेज के उत्तर कैंपस में मौजूद एक स्कूल पर दोपहर करीब 1:30 बजे (भारतीय समयानुसार 1:00 बजे) यह विमान गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई और 70 लोग जख्मी हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए छह अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है। हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें छात्र-छात्राएं चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई।

दोपहर में भरी थी उड़ान, 24 मिनट बाद हुआ हादसा

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरफोर्स का एफ-7 ट्रेनर विमान दोपहर 1 बजकर 6 मिनट पर रवाना हुआ था और 24 मिनट बाद यानी 1:30 बजे वह क्रैश हो गया। विमान एक स्कूल परिसर पर जा गिरा, जहां बच्चे क्लास में मौजूद थे। इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस बात की पुष्टि हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने की है।

स्कूल की छत पर गिरा विमान, मची भगदड़

यह विमान सीधे माइलस्टोन कॉलेज के स्कूल भवन की छत पर जा गिरा, जिससे जोरदार धमाका हुआ। उसके बाद पूरे परिसर में आग और धुएं का गुबार दिखने लगा। वहां मौजूद छात्र-छात्राएं अपनी जान बचाने के लिए दौड़ते नजर आए। कई बच्चों को चोटें आई हैं, जबकि कॉलेज के स्टाफ और स्थानीय लोग भी चपेट में आए।

सेना और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची

हादसे की जानकारी मिलते ही बांग्लादेश सेना के जवान, फायर सर्विस और सिविल डिफेंस की 8 यूनिट घटनास्थल पर पहुंच गईं। तीन टीमें अंदर राहत कार्य में जुटीं, जबकि दो यूनिट बाहर स्टैंडबाय पर थीं। बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही घटना की तस्वीरें

सोशल मीडिया पर हादसे की तस्वीरें और वीडियो तेजी से फैल रहे हैं, जिसमें कॉलेज बिल्डिंग से काला धुआं उठता दिख रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि पायलट की स्थिति को लेकर अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. बांग्लादेश एयरफोर्स का एफ-7 ट्रेनर जेट ढाका के उत्तरा इलाके में स्कूल बिल्डिंग पर गिरा।
  2. हादसे में 19 लोगों की जान गई और 70 घायल हुए।
  3. विमान दोपहर 1:06 बजे उड़ा और 1:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
  4. सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो वायरल हो रहे हैं, अफरा-तफरी का माहौल।
  5. फायर ब्रिगेड और सेना की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
अन्य खबरें