हरियाणा के भिवानी जिले के ढाणी मांहू गांव में रविवार को बड़ा बवाल हो गया जब कुछ अज्ञात लोगों ने एक मुस्लिम परिवार के दो घरों को आग के हवाले कर दिया। हमलावरों ने तोड़फोड़ कर बाइक में भी आग लगा दी और फिर मौके से भाग निकले। घटना के वक्त परिवार के कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे और जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पूरा परिवार लापता मिला। गांव के लोग भी इस पूरे मामले पर चुप हैं, जिससे हालात और संदेहास्पद हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और जांच जारी है।
तोड़फोड़ के बाद आगजनी, बाइक भी जली
गांव के युवक अक्षय के मुताबिक रविवार दोपहर 15-20 लोग मुंह ढंके हुए घर में घुसे। उनके हाथों में हथौड़े थे। घर में तोड़फोड़ की गई और उसके बाद दोनों मकानों में आग लगा दी गई। घर में रखा सामान बाहर फेंका गया और आग इतनी तेज थी कि लपटें दूर से नजर आ रही थीं। वहीं घर के पास खड़ी बाइक में भी आग लग गई जिसमें पेट्रोल था, इस वजह से कोई पास नहीं जा सका।
आग बुझाने पहुंचे ग्रामीण, पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी सूचना
अक्षय ने बताया कि जैसे ही घर में आग लगी, गांव के लोग दौड़कर पहुंचे और पानी डालने की कोशिश की, लेकिन आग बहुत ज्यादा थी। फायर ब्रिगेड को फोन किया गया, लेकिन जब तक गाड़ी पहुंची, तब तक पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। पुलिस भी मौके पर आई, लेकिन तब तक परिवार के लोग लापता हो चुके थे।
SHO बोले- अब तक शिकायत नहीं मिली, जांच चल रही है
तोषाम थाने के एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि असीन नाम के शख्स के घर में यह वारदात हुई है। एक ही परिवार के दो मकानों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष से कोई शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
गांव में सन्नाटा, पड़ोसी नहीं बोल रहे, पुलिस को शक
इस पूरी घटना में जो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई है वो ये कि गांव में किसी पड़ोसी ने कुछ नहीं बताया। पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने कुछ बोलने से इनकार कर दिया। पुलिस को शक है कि या तो लोग डर के कारण चुप हैं या फिर जानबूझकर कुछ छुपाया जा रहा है। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि कहीं पहले से कोई रंजिश तो नहीं थी। साथ ही ये भी जांच हो रही है कि परिवार के सभी सदस्य कहां गए और वो खुद क्यों गायब हो गए।
परिवार की तलाश, फोरेंसिक टीम बुलाने की तैयारी
अब पुलिस परिवार के सभी सदस्यों की तलाश कर रही है। ये जानने की कोशिश हो रही है कि इस हमले के पीछे कोई निजी रंजिश है या सामूहिक साजिश। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाने की तैयारी कर ली है ताकि मौके से कोई अहम सुराग जुटाया जा सके। साथ ही आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

- भिवानी के ढाणी मांहू गांव में मुस्लिम परिवार के दो घरों में आग लगाई गई, बाइक भी जलाई गई।
- 15-20 नकाबपोश हमलावर हथौड़े लेकर आए और तोड़फोड़ कर आगजनी की।
- परिवार के सभी सदस्य मौके से लापता हैं, कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
- गांव के लोग पूरी तरह चुप हैं, किसी ने कुछ नहीं बताया जिससे जांच मुश्किल हो रही।
- पुलिस मामले की जांच में जुटी है, फोरेंसिक और CCTV की मदद ली जा रही है।

