टी-सीरीज ने साफ किया है कि दिलजीत दोसांझ संग उनके रिश्ते अच्छे हैं और ‘बॉर्डर 2’ के बाद भी काम जारी रहेगा। भूषण कुमार के करीबी सूत्र ने मुंबई मिरर को बताया कि FWICE की ओर से जो दावे किए जा रहे हैं, वो पूरी तरह झूठे हैं। उन्होंने कहा, “टी-सीरीज और दिलजीत दोसांझ के बीच हमेशा प्रोफेशनल और सम्मानजनक रिश्ता रहा है। हम भविष्य में भी उनके साथ कई प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे।”
FWICE ने क्यों मांगा था बैन?
FWICE यानी फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने दिलजीत दोसांझ को बॉर्डर 2 से हटाने की मांग की थी। संगठन ने प्रोड्यूसर्स को लेटर भेजकर कहा कि दिलजीत के सभी सीन किसी और एक्टर से री-शूट किए जाएं। FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने इंडिया टुडे से बातचीत में दावा किया था कि भूषण कुमार ने उन्हें भरोसा दिलाया कि ‘बॉर्डर 2’ के बाद वह दिलजीत से कोई काम नहीं कराएंगे।
बैन की खबरों के बीच जारी रही शूटिंग
दिलजीत दोसांझ ने इन तमाम खबरों के बीच फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग जारी रखी। उन्होंने सेट से अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिससे साफ हुआ कि उन्हें फिल्म से नहीं निकाला गया है। प्रोड्यूसर्स ने भी उन पर भरोसा जताया और फिल्म में उनका रोल बरकरार रखा।
‘सरदार जी 3’ पर क्यों हुआ था विवाद
दरअसल ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर आया, जिसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर नजर आईं। उस वक्त देश में पहलगाम आतंकी हमला हुआ था और ऐसे समय में एक पाकिस्तानी कलाकार के साथ काम करना कई लोगों को खल गया। इसके बाद FWICE ने दिलजीत पर देश में बैन लगाने की मांग भी की थी।
दिलजीत की सफाई और फिल्म की रिलीज
दिलजीत दोसांझ ने सफाई दी थी कि ‘सरदार जी 3’ की शूटिंग काफी पहले हो चुकी थी, जब भारत-पाक तनाव नहीं था। इसी वजह से फिल्म इंडिया में रिलीज नहीं हुई, लेकिन बाकी देशों में इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। खासकर पाकिस्तान में फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ कमाई की।

- FWICE ने बॉर्डर 2 से दिलजीत को हटाने की मांग की थी।
- T-Series ने दिलजीत संग काम बंद करने की खबरों को झूठा बताया।
- दिलजीत ने शूटिंग जारी रखकर अफवाहों पर विराम लगाया।
- पाकिस्तानी एक्ट्रेस संग काम करने पर दिलजीत को आलोचना झेलनी पड़ी।
- ‘सरदार जी 3’ की शूटिंग तनाव से पहले हुई थी, जिसे लेकर दिलजीत ने सफाई दी थी।

