भारतीय जनता पार्टी ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने के लिए तिरंगा यात्रा की शुरुआत की है। 10 दिवसीय यह यात्रा 14 मई से शुरू होकर 23 मई तक चलेगी। इसका उद्देश्य आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ता को दिखाना और देश की सुरक्षा में लगे जवानों को सम्मान देना है।
मुख्यमंत्रियों की अगुवाई में देशभर में निकली यात्राएं
बुधवार सुबह लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, देहरादून में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और भुवनेश्वर में ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने यात्रा में भाग लिया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा, “हमारी सेनाओं ने यह साबित कर दिया है कि अगर कोई भारत को छेड़ेगा, तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं।”
इससे पूर्व लखनऊ के हृदयस्थल हजरतगंज में स्थित गांधी प्रतिमा से बुधवार सुबह तिरंगा यात्रा की शुरुआत की गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
इस मौके सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की सीमाओं और गौरव की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “हमने पाकिस्तान को चेताया, लेकिन जब उसने आतंकवाद का सहारा नहीं छोड़ा, तो भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए निर्णायक जवाब दिया।” योगी ने बताया कि इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकियों का सफाया किया गया, और सेना ने अपने शौर्य से दुश्मनों को संदेश दे दिया कि भारत किसी भी आघात का करारा जवाब देने में सक्षम है।
कर्तव्य पथ से लेकर कोने-कोने तक लहराया तिरंगा
दिल्ली के कर्तव्य पथ पर यात्रा की अगुवाई राज्य सरकार के मंत्री और भाजपा नेता रेखा गुप्ता, तरुण चुघ और अन्य नेताओं ने की। वहीं, हरियाणा के पंचकुला में सीएम नवाब सिंह सैनी, गुजरात के अहमदाबाद में सीएम भूपेंद्र पटेल और गोवा में सीएम प्रमोद सावंत ने भी तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों और झंडों की लहर के बीच जोश का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
देश के कोने-कोने में गूंजा राष्ट्रप्रेम का स्वर
भाजपा ने इस यात्रा के ज़रिए गांव से लेकर शहरों तक राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश फैलाने की योजना बनाई है। यात्रा के दौरान सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा, जिनमें सेना के पराक्रम को सम्मानित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से इसमें शामिल होने की अपील की गई है।
ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान में तबाही मचाने वाली एयर स्ट्राइक
7 मई को भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत तड़के पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की खबर है। यह जवाब 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दिया गया, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। इस यात्रा के समन्वय की ज़िम्मेदारी संबित पात्रा, विनोद तावड़े और तरुण चुघ को दी गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की सैन्य ताकत और अखंडता को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश है। केंद्रीय मंत्री और पार्टी के शीर्ष नेता भी विभिन्न राज्यों में तिरंगा यात्रा की अगुवाई कर रहे हैं।

- BJP ने 14 मई से देशभर में तिरंगा यात्रा की शुरुआत की, जो 23 मई तक चलेगी, इसका उद्देश्य राष्ट्रप्रेम और सैन्य सम्मान का प्रचार है।
- यात्रा ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में आयोजित हो रही है, जिसमें भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया।
- सीएम योगी आदित्यनाथ, पुष्कर सिंह धामी और मोहन माझी सहित कई मुख्यमंत्री इस यात्रा में शामिल हुए, और वीरता का संदेश दिया।
- दिल्ली के कर्तव्य पथ सहित देश के विभिन्न शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रैलियों के साथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
- संबित पात्रा, विनोद तावड़े और तरुण चुघ को यात्रा समन्वय का जिम्मा सौंपा गया है, जिसमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को जोड़ा गया है।

