हरियाणा में तीन साल बाद CET (Common Eligibility Test) 2025 की परीक्षा होने जा रही है, जिसकी डेटशीट HSSC ने जारी कर दी है। परीक्षा 26 और 27 जुलाई को होगी, दोनों दिन दो-दो शिफ्टों में एग्जाम लिया जाएगा। सुबह 10 से 11:45 और दोपहर 3:15 से 5 बजे तक की टाइमिंग तय की गई है। एग्जाम देने वालों को 1 घंटा 45 मिनट का वक्त मिलेगा। खास बात ये है कि इस बार 13.47 लाख युवाओं ने CET के लिए आवेदन किया है।
13.47 लाख कैंडिडेट्स के लिए 1350 एग्जाम सेंटर बनाए गए
HSSC ने इस परीक्षा के लिए पूरे हरियाणा में करीब 1350 एग्जाम सेंटर बनाए हैं। हालांकि, 334 सेंटरों को सुरक्षा मानकों पर खरा न उतरने के चलते हटा भी दिया गया है। हर जिले में दो-दो नोडल अफसर तैनात रहेंगे। एक सत्र में लगभग 4.73 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे और कुल 2 दिन में ही सभी कैंडिडेट्स का एग्जाम पूरा कर लिया जाएगा।
पेपर 12वीं लेवल का, हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं में
CET का पेपर 12वीं स्तर का होगा, लेकिन अंग्रेजी और हिंदी विषय का स्तर 10वीं के बराबर रहेगा। परीक्षा OMR बेस्ड होगी और कंप्यूटर से नहीं ली जाएगी। पेपर में कुल 100 सवाल होंगे और हर सवाल के 4 ऑप्शन दिए जाएंगे। हर सवाल का जवाब देना अनिवार्य होगा और अगर कोई सवाल छोड़ दिया गया तो 1 नंबर कटेगा। गलत उत्तर पर कोई निगेटिव मार्किंग नहीं है।
CCTV से निगरानी और सेंटर सिटी के 10 किमी दायरे में
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के निर्देश पर परीक्षा केंद्र शहर के अधिकतम 10 किलोमीटर के दायरे में ही बनाए गए हैं ताकि दूर-दराज से आने वाले कैंडिडेट्स को कोई दिक्कत न हो। हर एग्जाम सेंटर पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं और यह ध्यान रखा गया है कि बिजली, पानी, शौचालय और चाहरदीवारी जैसी जरूरी सुविधाएं मौजूद हों।
13 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे, सेंटर चेंज की अनुमति नहीं
CET परीक्षा में सुरक्षा को लेकर कोई समझौता न हो, इसके लिए करीब 13 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। एक सेंटर पर लगभग 10 सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे। सेंटर एक बार अलॉट हो गया तो फिर बदला नहीं जाएगा। जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों को कम से कम 50% अंक लाने होंगे, जबकि रिजर्व कैटेगरी को 40% अंक लाने होंगे।

- हरियाणा CET 2025 की परीक्षा 26 और 27 जुलाई को 4 शिफ्टों में आयोजित की जाएगी।
- 13.47 लाख उम्मीदवारों के लिए 1350 सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें CCTV और सभी जरूरी सुविधाएं होंगी।
- पेपर OMR आधारित होगा, जिसमें 12वीं स्तर के 100 सवाल होंगे।
- परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी, नेगेटिव मार्किंग नहीं है लेकिन सवाल छोड़ने पर नंबर कटेगा।
- हर जिले में 2 नोडल अफसर और 13 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे, सेंटर बदलने की अनुमति नहीं मिलेगी।

