रविवार, मई 3, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजगुजरात में पुल ढहा, यूपी में 4 बच्चों की मौत, एमपी-राजस्थान में...

गुजरात में पुल ढहा, यूपी में 4 बच्चों की मौत, एमपी-राजस्थान में बाढ़ जैसे हालात

मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ने वाला महिसागर नदी पर बना 45 साल पुराना गंभीर ब्रिज मंगलवार सुबह अचानक टूट गया। पुल पर चल रहे चार वाहन दो ट्रक, एक बोलेरो और एक अन्य वाहन सीधे नदी में जा गिरे। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत कार्य तेज़ी से शुरू हुआ।

यूपी में मूसलधार बारिश बनी मौत का सबब

उत्तर प्रदेश में मानसून ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बुधवार को प्रयागराज में पानी भरने से चार मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। अयोध्या की सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वहीं वाराणसी में दशाश्वमेध घाट और असी घाट तक गंगा का पानी पहुंचने के कारण गंगा आरती का स्थान बदलना पड़ा।

मध्य प्रदेश के कई जिले जलमग्न

मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी रफ्तार में है। अब तक औसतन 14 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 74% ज्यादा है। मंडला, डिंडौरी, श्योपुर, शहडोल और उमरिया जिलों में नदियों के उफान के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे कई रास्ते बंद हो गए हैं। बरगी डैम के 17 गेट खोल दिए गए हैं जबकि छतरपुर के बान सुजारा और दमोह के साजली बांध के कई गेट भी खोले गए हैं।

उत्तराखंड में बादल फटने से तबाही

चमोली जिले के नंदप्रयाग घाट के पास स्थित मुख गांव में मंगलवार को बादल फटने की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। अभी तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है लेकिन सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। आने वाले चार दिनों में राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान में रिकॉर्ड बारिश, 128% ज्यादा पानी

इस बार मानसून राजस्थान पर खासा मेहरबान दिख रहा है। अब तक राज्य में सामान्य से 128% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। जहां सामान्य रूप से 84 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहां अब तक 186 मिमी तक पानी बरस चुका है। जयपुर में मंगलवार दोपहर उमस भरे मौसम के बाद शाम को तेज बारिश हुई, वहीं गंगानगर, हनुमानगढ़ और दौसा में भी दो इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है और 25 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

हरियाणा में 12 जिलों के लिए बारिश अलर्ट

हरियाणा में बुधवार को 12 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। मंगलवार को भी राज्य के 8 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। अब तक प्रदेश में औसतन 111.1 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 32% अधिक है।

देश के अन्य हिस्सों में मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बुधवार को भारी बारिश की संभावना है। लैंडस्लाइड, अचानक बाढ़ और बिजली गिरने की आशंका के मद्देनज़र ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और दिल्ली-एनसीआर में भी भारी बारिश के संकेत हैं।

यूपी में यलो से ऑरेंज अलर्ट तक का पूर्वानुमान है। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, मिजोरम और नगालैंड में भी तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।

अन्य खबरें