नौतपा की शुरुआत से एक दिन पहले ही देश के कई राज्यों में तेज तूफान और बारिश के कारण मौसम बदल गया। तूफोन के कारण कई जगहों पर भारी नुकसान हुआ है
रविवार सुबह दिल्ली में आए तेज तूफान और बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। मिंटो रोड, मोती बाग और एयरपोर्ट टर्मिनल-1 के पास जलभराव की स्थिति बन गई। दिल्ली एयरपोर्ट ने जानकारी दी कि रात 11:30 बजे से सुबह 4:00 बजे तक 49 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रात आए तूफान और बारिश से ACP कार्यालय में बनी एक अस्थायी छत गिर गई। हादसे में सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
हिमाचल के कुल्लू में बादल फटने से मची तबाही
शनिवार शाम कुल्लू में बादल फटने की घटना से बाढ़ जैसे हालात बन गए। मलबा गिरने से हिंदुस्तान-तिब्बत रोड और नेशनल हाईवे-5 बाधित हो गया। 25 से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। मौसम विभाग ने 12 जिलों में 27-28 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
नौतपा की शुरुआत : गर्मी की जगह आई बारिश और राहत
इस बार नौतपा की शुरुआत (25 मई से 2 जून तक) गर्मी नहीं बल्कि आंधी-बारिश से हो रही है। मध्यप्रदेश के 40 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मऊगंज में बिजली गिरने से एक किसान की मौत और तीन अन्य घायल हो गए।
राजस्थान में हीटवेव और आंधी का दोहरा असर
राजस्थान के कई जिलों में तेज गर्मी और दूसरी ओर आंधी-ओलों ने कहर बरपाया। श्रीगंगानगर, जोधपुर, सीकर में ओले गिरे। कई जगह पेड़ गिरने से हादसे हुए। बाड़मेर में तापमान 47.6°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में रेड अलर्ट और अन्य में बारिश की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश में नौतपा से राहत, आंधी-बारिश ने मौसम को बदला
यूपी के 13 जिलों में शनिवार रात से रविवार सुबह तक हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। मथुरा में सड़कों पर पानी भर गया, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा समेत अन्य शहरों में भी बादल छाए और बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। मौसम विभाग ने 60 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

