प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 122वें एपिसोड की शुरुआत ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा से की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि बदलते भारत की भावना का प्रतीक है। इस मिशन ने पूरे देश में देशभक्ति की लहर पैदा की है, जिसमें हर नागरिक तिरंगे में रंगा नजर आया।
पीएम ने भारतीय सेना की तारीफ करते हुए कहा कि सीमापार आतंकी ठिकानों पर सटीक प्रहार कर हमारी सेनाओं ने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन से न सिर्फ देश में, बल्कि दुनिया भर में आतंक के खिलाफ जंग को नई ऊर्जा मिली है।
देशभर में फैली देशभक्ति की लहर, ‘सिंदूर’ बना प्रेरणा का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर ने आम लोगों को इस कदर छुआ है कि कई परिवारों ने अपने नवजात बच्चों का नाम ‘सिंदूर’ रखा है। बिहार के कटिहार और यूपी के कुशीनगर सहित कई शहरों में इस भावना की झलक देखने को मिली।
सोशल मीडिया पर कविताएं, संकल्प गीत और बच्चों की चित्रकला जैसी रचनात्मक अभिव्यक्तियों के ज़रिए लोगों ने इस अभियान को अपनाया। देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं और हजारों युवाओं ने सिविल डिफेंस वॉलेंटियर बनने के लिए पहल की। खासकर चंडीगढ़ के वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हुए।
गढ़चिरौली के काटेझरी गांव में पहली बार पहुंची बस
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के माओवादी हिंसा से प्रभावित गांव काटेझरी का जिक्र करते हुए बताया कि यहां पहली बार पक्की सड़क पर बस पहुंची। यह दृश्य गांववासियों के लिए बेहद भावुक और प्रतीक्षित था। ढोल-नगाड़ों के साथ बस का स्वागत किया गया।
उन्होंने बताया कि सामूहिक प्रयासों और माओवाद के खिलाफ जंग के चलते अब ऐसे इलाकों में भी बुनियादी सुविधाएं पहुंचने लगी हैं। बस सेवा शुरू होने से लोगों का जीवन अब पहले से कहीं अधिक सुगम हो जाएगा।
बस्तर के बच्चों में बढ़ रहा है विज्ञान और खेलों का जुनून
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में शिक्षा को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पीएम मोदी ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले के 10वीं के परीक्षा परिणाम करीब 95% रहे, जो राज्य में सबसे बेहतर हैं। वहीं 12वीं की परीक्षा में यह जिला छठे स्थान पर रहा।
उन्होंने कहा कि एक समय जो क्षेत्र माओवाद की चपेट में था, वहां अब शिक्षा और खेलों में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है। बच्चों में विज्ञान के प्रति उत्सुकता बढ़ रही है और स्पोर्ट्स में भी वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
गुजरात के गिर में शेरों की आबादी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में गिर के शेरों की बढ़ती संख्या का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में इनकी तादाद 674 से बढ़कर 891 हो गई है। लॉयन सेंसस के दौरान 11 जिलों में 35 हजार वर्ग किलोमीटर के दायरे में गहन निगरानी और डेटा वेरिफिकेशन के साथ यह प्रक्रिया पूरी की गई।
उन्होंने कहा कि गिर में एशियाटिक लायन की सुरक्षा को लेकर समाज में जो जागरूकता आई है, उसी का परिणाम है कि अब यह इलाका वैश्विक संरक्षण उदाहरण बनता जा रहा है। लोकल कम्युनिटी ने तकनीक और ग्लोबल प्रैक्टिस को अपनाकर इस बदलाव में बड़ी भूमिका निभाई है।

