गोवा के बिचोलिम तालुका स्थित शिरगांव गांव में चल रही श्री लैराई जात्रा में शुक्रवार शाम को भगदड़ मचने से सात लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 40 लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गोवा का वार्षिक धार्मिक उत्सव देवी लैराई को समर्पित है, जिसमें गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। जात्रा का आयोजन इस साल 2 मई की शाम से 3 मई की सुबह तक किया गया था।
शाम के समय जब श्रद्धालुओं की भीड़ चरम पर थी, तभी अचानक भगदड़ मच गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, भीड़ में किसी बात को लेकर घबराहट फैली, जिसके चलते लोग इधर-उधर भागने लगे और कई लोग कुचले गए।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घायलों से की मुलाकात
हादसे की जानकारी मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत तुरंत नॉर्थ गोवा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल और बिचोलिम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों व प्रशासनिक अधिकारियों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। अधिकारी घटनास्थल पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी चल रही है।
गोवा का प्रमुख धार्मिक आयोजन
शिरगांव की श्री लैराई जात्रा गोवा के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक मानी जाती है। यह उत्सव विशेष रूप से देवी लैराई के प्रति श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, जिसमें हजारों श्रद्धालु हर साल शामिल होते हैं। जात्रा के दौरान भक्त विभिन्न धार्मिक रस्में निभाते हैं, जिनमें रातभर का जागरण और विशेष पूजन अनुष्ठान शामिल होते हैं।

