शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमदेशदेशभर में मानसून सक्रिय, सूरत जलमग्न, हिमाचल में बादल फटा, कई राज्यों...

देशभर में मानसून सक्रिय, सूरत जलमग्न, हिमाचल में बादल फटा, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देश के अधिकांश हिस्से में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है।  भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 29 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। तेज हवाएं (30–40 किमी/घंटा), बिजली गिरने और लैंडस्लाइड की आशंका जताई गई है। गोवा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी यही स्थिति बनी हुई है।

गुजरात के सूरत में सोमवार रात से लेकर मंगलवार शाम तक 36 घंटे में 19 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई। शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया, कॉलोनियां जलमग्न हो गईं और लोगों को ट्रैक्टर से सुरक्षित निकाला गया। गुजरात के कच्छ जिले में यलो अलर्ट जारी है जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट है।

उत्तर भारत में भी खतरे के बादल

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर, हिमाचल के काला अंब में बादल फटने से हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी उफान पर है. यमुनानगर की गलियों में रातभर की बारिश से पानी दो फीट तक चढ़ गया।

हिमाचल में भारी बारिश और धुंध

पालमपुर में 145.4 मिमी बारिश के साथ भारी जलवृष्टि हुई। शिमला समेत मंडी, नाहन, बैजनाथ और पांवटा साहिब में भी जमकर बारिश दर्ज की गई। सुबह धुंध के कारण विजिबिलिटी सिर्फ 25 मीटर रही। मौसम विभाग ने हिमाचल के 7 जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

जयपुर में टूटा दशक पुराना रिकॉर्ड

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को एक दिन में 77.8 मिमी बारिश दर्ज की गई — जो जून महीने में पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा है। राज्य के 25 जिलों में येलो अलर्ट है, सीकर और जालोर में रिमझिम बारिश जारी है।

मध्यप्रदेश में एक्टिव है ट्रफ लाइन

भोपाल, ग्वालियर, इंदौर और जबलपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

उत्तर प्रदेश: नदियां उफान पर, सड़कें डूबीं

झांसी में बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से एक डंपर बह ग। चालक तैरकर बाहर निकला. शामली और बिजनौर की सड़कों पर एक-एक फीट तक पानी भर गया है। लखनऊ में सुबह से बादल छाए हुए हैं।

हरियाणा-पंजाब-उत्तराखंड में तेज बारिश

हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पानीपत में तेज बारिश हो रही है। पंजाब में मानसून की एंट्री के साथ ही 30 जून तक भारी बारिश और तेज हवाओं के लिए यलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के अमरोहा में गंगा उफान पर है, जिससे घाट किनारे की झोपड़ियां बह गईं।

अन्य खबरें