हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने आस्था और कर्तव्य के बीच एक मिसाल पेश की है। कांवड़ यात्रा के दौरान एक शिवभक्त की कांवड़ ऑटो की टक्कर से टूट गई, जिससे उसकी यात्रा अधूरी रह जाने का डर था। लेकिन पुलिस ने न सिर्फ स्थिति को संभाला, बल्कि कांवड़िए को दोबारा हरिद्वार ले जाकर गंगाजल भरवाया और फिर उसे वहीं वापस छोड़ा जहां से उसकी यात्रा टूटी थी।
ऑटो से हुई टक्कर, टूट गई कांवड़
यह मामला गुरुग्राम के सेक्टर 31 स्थित सीएनजी पंप के पास का है, जहां नांगल चौधरी निवासी श्रद्धालु रविंद्र शर्मा की कांवड़ एक ऑटो की चपेट में आकर खंडित हो गई। घटना के बाद श्रद्धालु और ऑटो चालक के बीच विवाद शुरू हो गया। हालात बिगड़ने से पहले मौके पर पहुंचे एएसआई ने स्थिति को शांत किया।
पुलिस बनी श्रद्धालु की सहयात्री
हरियाणा पुलिस के एएसआई ने बताया कि रविंद्र शर्मा की तीर्थयात्रा बीच में न रुके, इसके लिए एक अलग रास्ता निकाला गया। पुलिस रविंद्र को सरकारी वाहन से हरिद्वार ले गई, जहां उन्होंने फिर से पवित्र गंगाजल भरकर नई कांवड़ उठाई। इसके बाद उन्हें वापस उसी स्थान पर छोड़ा गया, जहां उनकी यात्रा बाधित हुई थी। वहां से रविंद्र ने अपनी यात्रा दोबारा शुरू की।
सड़क की हालत बनी हादसे की वजह
गुरुग्राम के एसीपी सुखबीर ने जानकारी दी कि दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे के किनारे बनी सर्विस रोड पर जलभराव और टूटी सड़कों के कारण श्रद्धालुओं को मुख्य मार्ग पर चलने को मजबूर होना पड़ता है। यही वजह रही कि रविंद्र को भी सीएनजी पंप के रास्ते से गुजरना पड़ा, जहां यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने एनएचएआई अधिकारियों से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था जल्द से जल्द कराने को कहा है।
पंप संचालक और वाहन चालकों को निर्देश
पुलिस ने सीएनजी पंप संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह अपने पंप के बाहर वाहनों की कतारें कांवड़ मार्ग से दूर रखें ताकि यात्रियों की राह में कोई अड़चन न आए। साथ ही, एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को भी तैनात किया गया है जो वहां खड़े वाहनों पर चालान की कार्रवाई करेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि 23 जुलाई तक कांवड़ यात्रियों के लिए बनाई गई विशेष लेन में किसी भी तरह का बाहरी वाहन प्रवेश न करे।

