Sunday, July 19, 2026
spot_img
Homeराज्यहरियाणा रोडवेज की बसें होंगी परीक्षा ड्यूटी में शामिल, जरूरी ना हो...

हरियाणा रोडवेज की बसें होंगी परीक्षा ड्यूटी में शामिल, जरूरी ना हो तो 26-27 जुलाई को यात्रा टालें

हरियाणा में आगामी 26 और 27 जुलाई को अगर आप रोडवेज बस से सफर की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। हरियाणा सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन दो दिनों में राज्य परिवहन की अधिकांश बसें CET ग्रुप-C परीक्षा ड्यूटी में लगाई जाएंगी। ऐसे में आम यात्रियों को बस सेवाएं बेहद सीमित मिलेंगी।

सरकार की अपील है कि जिन यात्रियों को कोई जरूरी कार्य न हो, वे इन तारीखों में यात्रा से बचें, वरना बसों की उपलब्धता न होने से परेशानी हो सकती है। सरकार ने सार्वजनिक रूप से यह सूचना जारी की है ताकि समय रहते लोग अपनी योजनाएं बदल सकें।

परीक्षार्थियों के लिए खास इंतजाम

सरकार ने परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। हरियाणा परिवहन विभाग को निर्देश दिया गया है कि वह सभी जिलों से परीक्षा केंद्रों तक छात्रों के लिए निःशुल्क बस सुविधा सुनिश्चित करे। यह सेवा सिर्फ अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि महिला अभ्यर्थियों के साथ एक पारिवारिक सदस्य को भी फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी।

हर जिले में रोडवेज डिपो द्वारा सेन्ट्रलाइज व्यवस्था के तहत छात्रों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और परीक्षा के बाद वापसी के लिए विशेष रूट तय किए गए हैं।

शटल सेवा और 9000 से अधिक बसों की व्यवस्था

परीक्षा स्थलों तक पहुंच को आसान बनाने के लिए परिवहन विभाग फ्री शटल बस सेवा भी शुरू करेगा। ये बसें मुख्य बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों के आसपास के स्थानों तक लगातार चलेंगी। इसके लिए रोज़ाना करीब 9000 बसों का संचालन किया जाएगा।

सरकार ने परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन सीट बुकिंग लिंक भी एक्टिव किया है, जिससे छात्र अपने जिले से निकलने वाली बसों में एडवांस में बुकिंग कर सकें। इसके लिए अभ्यर्थी https://hartrans.gov.in/advance-booking-for-cet-2025/ पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

आम लोगों से सहयोग की अपील

CET परीक्षा को सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। इन दो दिनों में परिवहन संसाधनों का अधिकतम उपयोग परीक्षा ड्यूटी में होगा, इसलिए आम यात्रियों से अनुरोध है कि वे केवल आपात स्थिति में ही यात्रा करें, जिससे परीक्षार्थियों को कोई बाधा न आए।

सरकार का कहना है कि यह कदम युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। ऐसे में प्रदेशवासियों से अपेक्षा है कि वे इन दो दिनों में धैर्य और समझदारी का परिचय दें।

अन्य खबरें