शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमराज्यहरियाणा में बारिश के साथ ओले गिरे, अगले दो दिन बारिश के...

हरियाणा में बारिश के साथ ओले गिरे, अगले दो दिन बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत

हरियाणा में शनिवार सुबह मौसम ने करवट ली। नूंह के पुन्हाना इलाके में करीब 10 मिनट तक ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों और सड़कों पर बर्फ जैसी सफेदी छा गई। भिवानी, फरीदाबाद और पलवल में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं गुरुग्राम, झज्जर, नारनौल और चरखी दादरी में बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

कुछ जिलों में साफ रहा मौसम, मगर अलर्ट जारी

हिसार, जींद, सिरसा, पानीपत, करनाल, फतेहाबाद, कैथल और सोनीपत जैसे जिलों में इस दौरान मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। कुरुक्षेत्र में रात को बारिश हुई, लेकिन सुबह तक मौसम सामान्य हो गया। मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में 25–50% तक बारिश की संभावना जताई है। अन्य जिलों में 25% तक बारिश हो सकती है।

4 और 5 मई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक, 4 मई को हरियाणा में फिर बारिश होने की संभावना है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 50–75% तक बारिश हो सकती है। वहीं कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल और कैथल में 25–50% तक बारिश के आसार हैं।
5 मई को भी प्रदेशभर में बारिश का अनुमान है, जिसमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद में 25% तक, जबकि अन्य जिलों में 25–50% तक बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 7 मई तक गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

तेज आंधी से 2,500+ पेड़ गिरे, बिजली और ट्रांसफॉर्मर भी हुए प्रभावित

शुक्रवार तड़के आई तेज आंधी और बारिश ने प्रदेश में तबाही जैसे हालात पैदा कर दिए। कई जगहों पर पेड़, बिजली के खंभे गिर गए, जबकि बड़ी संख्या में बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मर डैमेज हुए। इससे कई जिलों में 2 से 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
जींद और हिसार के कुछ गांवों में बिजली गिरने से घरों में दरारें पड़ गईं और पंखे, फ्रिज, टीवी जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए।

ट्रेनों पर भी पड़ा असर, यात्री हुए परेशान

तेज बारिश और आंधी के चलते हरियाणा से दिल्ली की ओर जाने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। हरियाणा एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस और हरियाणा पैसेंजर ट्रेनों को हांसी और बवानी खेड़ा के बीच रोका गया। बिजली लाइन टूटने से ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही, जिससे यात्रियों को 2 से 4 घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

24 घंटे में 12 मिमी बारिश, अप्रैल में 31% की कमी

बीते 24 घंटों में हरियाणा में औसतन 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अप्रैल महीने में कुल 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो 31% की कमी को दर्शाता है। लगातार बारिश से गर्मी का प्रकोप फिलहाल थम गया है, और आने वाले कुछ दिन मौसम राहत देता नजर आ रहा है।

अन्य खबरें