गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमराज्यमौत के साढ़े तीन महीने बाद भी कांग्रेस की लिस्ट में हिमानी...

मौत के साढ़े तीन महीने बाद भी कांग्रेस की लिस्ट में हिमानी नरवाल, पार्टी ने बनाया युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव

हरियाणा युवा कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा सोमवार देर रात कर दी गई, जिसमें गुरुग्राम के निशित कटारिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। निशित पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के बेटे हैं और हाल ही में हुए नगर निगम चुनावों में पार्षद पद के लिए भी किस्मत आजमा चुके हैं।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार निशित को 29,893 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सोमिल संधू को 12,949 मतों से संतोष करना पड़ा। निशित को भूपेंद्र हुड्डा गुट का समर्थन प्राप्त है।

हिमानी नरवाल का नाम सूची में दर्ज

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पार्टी ने उस कार्यकर्ता को भी प्रदेश सचिव बना दिया जिसकी हत्या मार्च में हो चुकी है। रोहतक निवासी हिमानी नरवाल का शव एक बंद सूटकेस में सांपला बस अड्डे के पास मिला था। इस मामले को लेकर उसकी मां सविता पहले ही बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं।

16 जून को जारी परिणामों में उनका नाम सचिव पद के लिए पाया गया जबकि हिमानी की मौत 28 फरवरी को हो गई थी और शव 1 मार्च को बरामद हुआ था। बताया गया कि युवा कांग्रेस की चयन प्रक्रिया के लिए आवेदन दिसंबर 2024 में लिए गए थे और जनवरी 2025 तक मेंबरशिप पेमेंट जमा की गई थी।

पार्टी नेताओं ने दी सफाई

गुरुग्राम अर्बन से नव नियुक्त अध्यक्ष अभिषेक यादव ने कहा, “हिमानी कांग्रेस की निष्ठावान कार्यकर्ता थीं। लिस्ट में उनका नाम आना उनके योगदान का सम्मान है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए युवा टीम पूरी तरह तैयार है।

वाइस प्रेसिडेंट और जिला अध्यक्ष भी घोषित

हिसार से नवदीप दलाल को वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया है। वे गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से पढ़े हैं और NSUI से लंबे समय से जुड़े हुए हैं।

पानीपत की सुरभि शर्मा को महिला आरक्षित सीट से स्टेट वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया है। सुरभि बीटेक और LLB की पढ़ाई कर चुकी हैं और पिछले ढाई साल से सक्रिय राजनीति में हैं।

अंबाला जिले से हरमन सिंह हैरी को यूथ कांग्रेस का नया जिलाध्यक्ष चुना गया है। हरमन हुड्डा खेमे से जुड़े हैं और हिम्मत सिंह के करीबी माने जाते हैं जिन्होंने 2014 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था।

अन्य खबरें