रविवार, मई 3, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजहिसार की बेटी सिमरन ने रचा इतिहास, बनी Microsoft इंजीनियर; कबाड़ी के...

हिसार की बेटी सिमरन ने रचा इतिहास, बनी Microsoft इंजीनियर; कबाड़ी के घर से 55 लाख की नौकरी तक का सफर

हरियाणा के हिसार की तंग गलियों में रहने वाली 21 साल की सिमरन ने ऐसा कर दिखाया है, जिससे हर माता-पिता का सीना गर्व से चौड़ा हो जाए। पिता राजेश कुमार जो गली-गली जाकर कबाड़ इकट्ठा करते हैं, अब उन्हीं की बेटी Microsoft में इंजीनियर बन गई है। 55 लाख रुपये सालाना पैकेज के साथ सिमरन की जॉइनिंग 30 जून से हो चुकी है। यह कामयाबी सिर्फ उसके लिए नहीं, बल्कि उन लाखों लड़कियों के लिए भी उम्मीद की रौशनी है जो सपनों को बड़ा देखती हैं।

JEE के पहले अटेम्प्ट में मिली सफलता, IIT मंडी से शुरू किया सफर

सिमरन ने सिर्फ 17 साल की उम्र में पहले ही अटेम्प्ट में JEE जैसी कठिन परीक्षा पास कर ली थी। उसने IIT मंडी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में एडमिशन लिया। लेकिन उसका मन तो IT में था, तो उसने एक्स्ट्रा सब्जेक्ट के तौर पर कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई भी शुरू कर दी। उसका सपना शुरू से ही Microsoft में काम करने का था, और उसने इस सपने को हासिल करने के लिए किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ी।

इंटर्नशिप में अमेरिका हेड ने किया सम्मानित, बनी बेस्ट स्टूडेंट

कैंपस सिलेक्शन के वक्त सिमरन को Microsoft हैदराबाद में इंटर्नशिप मिली। दो महीने की इंटर्नशिप में 300 बच्चों के बीच उसने सबसे बेहतरीन परफॉर्म किया और ‘बेस्ट इंटर्नशिप स्टूडेंट’ का अवॉर्ड जीता। खास बात यह रही कि Microsoft की अमेरिका स्थित ओवरसीज हेड ने सिमरन को सम्मानित करने खुद भारत आकर उससे मुलाकात की। यही नहीं, फाइनल सिलेक्शन में भी सिमरन टॉपर्स की लिस्ट में शामिल हुई।

दो कमरों का घर, 500 रुपये रोज की कमाई, फिर भी नहीं छोड़ी पढ़ाई

सिमरन के पिता राजेश कुमार हिसार के बालसमंद इलाके में रहते हैं और रोज कबाड़ बेचकर 300 से 500 रुपये की कमाई करते हैं। उन्होंने बताया कि सिमरन बचपन से ही होशियार थी। वो उनकी सबसे बड़ी बेटी है और परिवार में दो बहनें ममता और मुस्कान तथा एक छोटा भाई हर्षित भी है। उनका घर सिर्फ दो कमरों का है, जिसमें खिड़कियों में शीशे तक नहीं लगे हैं। इस तंगी के बावजूद सिमरन ने कभी हार नहीं मानी।

मां ने खुद पढ़ाया, कभी घर का काम नहीं कराया

सिमरन की मां कविता बताती हैं कि उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है और बेटी की शुरुआती शिक्षा खुद दी। सातवीं तक उन्होंने सिमरन को ट्यूशन भी नहीं जाने दिया, खुद ही घर में पढ़ाया। घर के किसी भी काम में उन्होंने बेटी को नहीं लगाया ताकि वह अपनी पढ़ाई पर फोकस कर सके। आज उसी फैसले का नतीजा है कि बेटी Microsoft इंजीनियर बन गई।

अब बहनों के लिए बनी रोल मॉडल, पिता ने कहा- ये माता रानी का आशीर्वाद

सिमरन की कामयाबी ने उसकी दोनों छोटी बहनों के लिए एक मजबूत मिसाल खड़ी की है। मां का कहना है कि अब ममता और मुस्कान भी बहन से प्रेरणा लेंगी और आगे बढ़ेंगी। वहीं पिता राजेश ने कहा कि ये सब माता रानी का आशीर्वाद है। बेटी ने जो मुकाम हासिल किया है, वो किसी सपने से कम नहीं।

 Nationalbreaking.com । नेशनल ब्रेकिंग - सबसे सटीक
  1. हिसार की सिमरन बनी Microsoft Engineer, 55 लाख रुपये सालाना पैकेज पर मिली नौकरी।
  2. पिता राजेश कुमार कबाड़ इकट्ठा करके घर चलाते हैं, रोज की कमाई 300 से 500 रुपये।
  3. सिमरन ने IIT मंडी से की पढ़ाई, JEE पहली बार में पास की और IT में दिलचस्पी के चलते CS भी पढ़ा।
  4. Microsoft हैदराबाद में इंटर्नशिप की, 300 में से बेस्ट इंटर्न बनी, अवॉर्ड अमेरिका हेड ने दिया।
  5. सिमरन की मां ने घर में पढ़ाया, कभी काम नहीं करवाया; अब उसकी कामयाबी से पूरा परिवार रोशनी से भर गया।
अन्य खबरें