रविवार, मई 3, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजकोरोना के JN1 वैरिएंट से एशिया अलर्ट पर, भारत में अब तक...

कोरोना के JN1 वैरिएंट से एशिया अलर्ट पर, भारत में अब तक 257 केस सामने आए

गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना वायरस ने एक बार फिर दस्तक दी है। बीते 24 घंटे में यहां 7 नए कोविड पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। संक्रमितों में 2 साल की एक बच्ची और 72 साल के एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी को फिलहाल होम आइसोलेशन में रखा गया है। इन मामलों के साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 257 हो गई है।

केरल, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

देश के विभिन्न राज्यों में एक्टिव केसों की स्थिति भी चिंता बढ़ा रही है। केरल में सबसे अधिक 95 केस हैं, जबकि तमिलनाडु में 66, महाराष्ट्र में 56 और कर्नाटक में 13 एक्टिव मामले रिपोर्ट किए गए हैं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि कुछ राज्य अब भी वायरस के प्रभाव में हैं।

एशिया में तेजी से फैल रहा नया वैरिएंट JN1

एशियाई देशों में कोरोना का नया वेरिएंट JN1 तेज़ी से फैल रहा है। सिंगापुर में 1 मई से 19 मई के बीच 3,000 से ज्यादा नए मरीज सामने आए हैं, जो कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह की तुलना में 28% अधिक हैं। हॉन्गकॉन्ग में जनवरी से अब तक 81 केस मिले हैं जिनमें 30 मौतें हुई हैं। वहीं, चीन और थाईलैंड में भी वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।

भारत में स्थिति नियंत्रण में, हेल्थ एक्सपर्ट्स की सलाह- सतर्क रहें

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में स्थिति अभी नियंत्रण में है और 1 जनवरी से 19 मई के बीच सिर्फ 257 मामलों की पुष्टि हुई है। हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि पड़ोसी देशों में केस बढ़ने से खतरा बना हुआ है और लोगों को सतर्कता बरतनी चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक, युवा मरीजों में हल्के लक्षण देखने को मिल रहे हैं।

चीन-थाईलैंड में दोगुने हुए केस

चीन में बीमारियों की जांच के दौरान सामने आ रहे कोविड मामलों की संख्या दोगुनी हो गई है। चाइनीज सेंटर फॉर डिजीज एंड प्रिवेंशन ने अगली लहर के तेज़ होने की आशंका जताई है। थाईलैंड में भी दो अलग-अलग इलाकों में तेजी से कोरोना के केस बढ़े हैं, जिसके चलते सरकारों ने बूस्टर डोज़ लेने और मास्क पहनने की सलाह दी है।

अन्य खबरें