अबूझमाड़ के बोटेर इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 20 नक्सली मारे गए हैं। इनमें नक्सलियों में संगठन के उच्च कैडर के सदस्य भी शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने मारे गए सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं।
सुरक्षा बलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि नक्सल संगठन के महासचिव और पोलित ब्यूरो सदस्य बसवा राजू इसी क्षेत्र में मौजूद है, जिस पर डेढ़ करोड़ रुपए का इनाम घोषित है। जिसके बाद DRG की संयुक्त टीमों को रवाना किया गया। घेराबंदी के बाद जंगल में मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक 20 नक्सली मारे गए हैं।
तीन जिलों की सरहद पर मुठभेड़
मुठभेड़ नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर स्थित अबूझमाड़ के गहरे जंगलों में हुई। यह इलाका नक्सलियों का गढ़ माना जाता है, जहां तक पहुंचना और ऑपरेशन चलाना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी जारी रखी है और तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
बसवा राजू की तलाश में मिल सकती है बड़ी कामयाबी
बसवा राजू नक्सल संगठन के सबसे बड़े नेताओं में से एक है, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर है। उसकी मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद ऑपरेशन को टॉप लेवल की प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों के अनुसार, अभी पुष्टि नहीं हुई है कि बसवा राजू मुठभेड़ में मारा गया है या नहीं, लेकिन उसकी तलाश जारी है।
कर्रेगुट्टा ऑपरेशन के 7 दिन बाद दूसरा बड़ा एक्शन
सिर्फ सात दिन पहले छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर कर्रेगुट्टा में सुरक्षाबलों ने 24 दिन चले ऑपरेशन के दौरान 31 नक्सलियों को मार गिराया था। उन मृतकों में 16 महिला और 15 पुरुष शामिल थे। अब अबूझमाड़ की यह कार्रवाई नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार बढ़ती कार्रवाई की अगली कड़ी मानी जा रही है।

