शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजकई राज्यों में बाढ़ के हालात, राजस्थान में चार लोगों की मौत,...

कई राज्यों में बाढ़ के हालात, राजस्थान में चार लोगों की मौत, मप्र-UP समेत 7 राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट

देशभर में मानसून का असर जारी है। देश के कई राज्याें में बाढ़ के हालात हैं।  रविवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई। भीलवाड़ा में दो चचेरे भाइयों की बरसाती नाले में डूबने से मौत हो गई, जबकि राजसमंद में तालाब में भाई-बहन डूब गए। ब्यावर में कीचड़ में फिसलने से एक बच्चा जान गंवा बैठा और भरतपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में 18 जुलाई तक लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा। राजस्थान में 13 से 16 जुलाई तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं बिहार के चंपारण, गया, नवादा, बांका जैसे जिलों में 15 से 17 जुलाई के बीच बारिश के आसार हैं।

मध्यप्रदेश के चार जिलों में बाढ़ जैसे हालात

छतरपुर, टीकमगढ़, अशोकनगर और गुना में रविवार को हालात बेहद खराब रहे। कई गांव पानी में घिर गए और छतरपुर में धसान नदी में एक पिकअप वाहन बह गया, जिससे एक व्यक्ति की जान चली गई। सोमवार को इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण का असर रहेगा। राज्य के 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है, जिनमें 9 जिलों में अति भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में बांध ओवरफ्लो, गंगा उफान पर

ललितपुर के गोविंद सागर बांध के 17 गेट खोल दिए गए हैं। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और रत्नेश्वर महादेव मंदिर 80 फीसदी तक जलमग्न हो चुका है। इसी दौरान भगवान बुद्ध की 80 फीट ऊंची प्रतिमा पर बिजली गिरने से उसका शिखर क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने ललितपुर में भारी बारिश के कारण 12वीं तक के स्कूल दो दिन के लिए बंद कर दिए हैं।

हिमाचल प्रदेश में अब तक 98 मौतें

20 जून से 13 जुलाई के बीच हिमाचल में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 98 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य को अब तक 770 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। 90 से ज्यादा घर पूरी तरह तबाह हो चुके हैं और 150 सड़कें बंद हैं। कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है।

बिहार में बिजली गिरने से 9 मौतें

राज्य में मानसून की रफ्तार भले धीमी हो, लेकिन रविवार को आकाशीय बिजली ने कहर ढा दिया। बांका में सबसे ज्यादा 5, गया में 2, नालंदा और पटना के बाढ़ इलाके में 1-1 व्यक्ति की जान गई। मौसम विभाग ने सोमवार को 17 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे दिन में कुछ राहत मिलने की संभावना है।

हरियाणा में मौसम फिर करवट बदलने लगा

हिसार, भिवानी, अंबाला और सिरसा में सोमवार सुबह बारिश हुई, जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद में बूंदाबांदी दर्ज की गई। 16 जुलाई तक प्रदेश में खराब मौसम बने रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा हरियाणा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है, जिससे राज्य में लगातार नमी वाली हवाएं पहुंच रही हैं।

दिल्ली-NCR और उत्तराखंड में यलो और ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उत्तराखंड के कई जिलों देहरादून, नैनीताल, चंपावत, टिहरी और चमोली में भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा है। मौसम विभाग ने यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अन्य खबरें