गुरूवार, जून 4, 2026
spot_img
होमराजस्थानदेशभर में सेना के शौर्य का उत्सव, मुख्यमंत्री ने कहा- सेना को...

देशभर में सेना के शौर्य का उत्सव, मुख्यमंत्री ने कहा- सेना को सलाम, गहलोत बोले- आतंक पर कड़ा प्रहार

पहलगाम आतंकी हमले के दो हफ्तों बाद भारतीय सेना ने कड़ा जवाब देते हुए मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया, जिसमें लश्कर-ए-तोएबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी संगठनों के गढ़ शामिल थे। खुफिया जानकारी के अनुसार, कई आतंकवादी और उनके हैंडलर मारे गए हैं। यह एक सुनियोजित मिसाइल स्ट्राइक थी, जिसने भारत की सैन्य तैयारियों और राजनीतिक इच्छाशक्ति का स्पष्ट संकेत दिया है।

नेताओं का समर्थन, सेना के शौर्य को सलाम

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘भारत माता की जय’ लिखते हुए ऑपरेशन सिंदूर को सलाम किया। उन्होंने एक श्लोक पोस्ट करते हुए लिखा, “शौर्यं तेजः संयमश्च…”। विपक्ष से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया आई। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस कार्रवाई को ‘आतंक पर कड़ा प्रहार’ बताया और कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती से सेना और सरकार के साथ है। वहीं सचिन पायलट ने कहा कि पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। देश एकजुट होकर ऑपरेशन सिंदूर का समर्थन करता है।

राजे,  दिया कुमारी और बैरवा ने किया समर्थन

राज्य की डिप्टी सीएम दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने सोशल मीडिया पर ‘भारत माता की जय’ का नारा देते हुए सेना को सलामी दी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने “जय हिन्द! जय हिन्द की सेना!” लिखकर सैन्य बलों के हौसले को सराहा।

डोटासरा बोले- पूरा देश एकजुट है

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद देशभर में लोगों की यही मांग थी कि सख्त जवाब दिया जाए। उन्होंने एकजुटता की बात कहते हुए सुझाव दिया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार के नेता राजस्थान में मौजूद रहें।

राठौड़ ने कहा- अब सवाल उठाने वालों को सबूत भी मिल गया

राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि ‘पहलगाम में हमारी बहनों का सिंदूर मिटा दिया गया, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया है।’ उन्होंने यह भी कहा कि अब उन लोगों को भी जवाब मिल गया है जो सबूत मांगा करते थे।

राजस्थान में हाई अलर्ट, एयरपोर्ट और स्कूल बंद

हमले के बाद राजस्थान के सीमावर्ती जिलों बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, जोधपुर और बाड़मेर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बीकानेर और जोधपुर एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है जबकि जयपुर और जोधपुर से कई फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। इसके साथ ही स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है और सरकारी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं।

अन्य खबरें