पाकिस्तान में भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश के पश्चिमी सीमाई राज्य राजस्थान के बॉर्डर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इस बीच लोगों में खुशी का माहौल है। जैसलमेर, बाड़मेर, गंगानगर, बालोतरा, जोधपुर समेत कई जगहों पर लोगों ने तिरंगा लहराकर खुशी जताई और कहा कि पाकिस्तान को उसी भाषा में जवाब दिया गया है, जिसे वह समझता है। लोगों ने आतिशबाजी भी की और मिठाइयां बांटी।
बहरहाल, सीमावर्ती जिलों में प्रशासन अलर्ट है। इससे पूर्व मंगलवार देर रात करीब 2 बजे जैसलमेर और बाड़मेर के आसमान में फाइटर जेट्स की तेज आवाजें सुनाई दीं। शुरुआत में इसे रूटीन एक्सरसाइज समझा गया, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि यह एयर स्ट्राइक थी।
बीकानेर-जोधपुर एयरपोर्ट बंद, फ्लाइट्स रद्द
एयर स्ट्राइक के बाद बीकानेर और जोधपुर एयरपोर्ट पर सभी फ्लाइट्स को सस्पेंड कर दिया गया। जोधपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर डॉ. मनोज उनियाल ने जानकारी दी कि आज 9 फ्लाइट्स को रद्द किया गया है और यात्रियों को सूचित कर दिया गया है। जयपुर एयरपोर्ट पर भी 4 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं, जिनमें चंडीगढ़ और मस्कट जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।
बॉर्डर जिलों में ब्लैकआउट और सुरक्षा अलर्ट
श्रीगंगानगर समेत कई बॉर्डर क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे रातभर ब्लैकआउट की स्थिति रही। जिला प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। उन्हें मुख्यालय छोड़ने की मनाही है और सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूलों में छुट्टियां, परीक्षाएं स्थगित
बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आज छुट्टी की घोषणा की गई है। साथ ही, जो परीक्षाएं आज होनी थीं, उन्हें स्थगित कर दिया गया है। बीकानेर में आज एक मॉक ड्रिल भी प्रस्तावित है, जिसमें सभी कर्मचारी भाग लेंगे।
कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, सामान्य ड्यूटी के आदेश
बीकानेर जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी छुट्टी पर नहीं रहेगा। अगर कोई पहले से अवकाश पर है, तो उसे तत्काल कार्यस्थल पर वापस लौटना होगा। आगामी आदेश तक किसी की छुट्टी स्वीकृत नहीं की जाएगी।

