भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को चंडीगढ़ और अंबाला में हवाई हमले की चेतावनी ने हलचल मचा दी। दोनों शहरों में सायरन की तेज आवाजों के साथ लोगों को सतर्क किया गया। चंडीगढ़ में सेना की वेस्टर्न कमांड और NIA का दफ्तर स्थित है, जबकि अंबाला में वायुसेना स्टेशन प्रमुख ठिकाना है, जो सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाते हैं।
सांबा में 7 आतंकी ढेर, पाक पोस्ट को भारी नुकसान
जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में BSF ने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे 7 आतंकियों को मार गिराया। बीएसएफ के अधिकारियों के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में पाकिस्तान की धनधार पोस्ट को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। यह कार्रवाई दिखाती है कि भारत ने सीमा सुरक्षा को पूरी तरह सख्त कर दिया है।
भारत ने S-400 और आकाश मिसाइल से किए काउंटर अटैक
गुरुवार रात पाकिस्तान की ओर से जम्मू, पंजाब और राजस्थान में 11 जगहों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए। पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन और जम्मू एयरपोर्ट पर आत्मघाती ड्रोन से हमला करने की कोशिश की गई, जिसे भारत ने S-400 डिफेंस सिस्टम और आकाश मिसाइल से नाकाम कर दिया। एक सैन्य अधिकारी के अनुसार, बॉर्डर पर आर्मी और एयरफोर्स की सभी यूनिट्स हाई अलर्ट पर हैं।
50 से ज्यादा पाकिस्तानी ड्रोन ढेर
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, भारत ने एलओसी और इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाकिस्तान के 50 से ज्यादा ड्रोन मार गिराए हैं। वहीं, पठानकोट में एक पाकिस्तानी फाइटर जेट को भी निशाना बनाए जाने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रक्षा मंत्रालय में हाई लेवल मीटिंग
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली के साउथ ब्लॉक में अहम बैठक बुलाई। इसमें CDS अनिल चौहान, आर्मी चीफ जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, एयरफोर्स प्रमुख एपी सिंह और नेवी चीफ एडमिरल दिनेश त्रिपाठी शामिल हुए। बैठक में पाकिस्तान से उपजे सैन्य संकट पर गहन चर्चा और आगे की रणनीति तय की गई।
कर्नाटक कांग्रेस की तिरंगा यात्रा
भारत-पाक तनाव के बीच, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस ने बेंगलुरु में तिरंगा यात्रा निकाली। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, “हम अपने सैनिकों के साथ खड़े हैं। देश को एकजुटता का संदेश देना चाहते हैं। जैसे 1971 में इंदिरा गांधी ने नेतृत्व किया, आज भी भारत मजबूत होकर उभरेगा।”
सीएम उमर अब्दुल्ला पहुंचे जम्मू
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला शुक्रवार को जम्मू पहुंचे और वहां के सुरक्षा हालात की समीक्षा की। वे ड्रोन हमले के बाद रात में जम्मू शहर और उसके आसपास के इलाकों में ग्राउंड रिपोर्ट लेंगे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे।
पंजाब बॉर्डर जिलों में भेजी गई मंत्री टीम
पंजाब सरकार ने हालात की गंभीरता को देखते हुए बॉर्डर जिलों में 10 मंत्रियों की टीम भेजी है। मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और डॉ. रवजोत सिंह गुरदासपुर जाएंगे, जबकि कुलदीप धालीवाल और मोहिंदर भगत को अमृतसर भेजा गया है। ये टीमें अस्पताल, फायर स्टेशन और आपात सेवाओं की स्थिति का मूल्यांकन करेंगी।
ICAI ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के एग्जाम किए पोस्टपोन
जमीन पर बने हालात को देखते हुए, ICAI ने मई 2025 सत्र के CA फाइनल, इंटर और PQC एक्जाम स्थगित कर दिए हैं। ये परीक्षाएं 9 से 14 मई तक होने वाली थीं। संस्थान ने नई तारीखें जल्द जारी करने की बात कही है।

