भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और साइबर स्थिरता को ध्यान में रखते हुए फेक न्यूज फैलाने वाले 8000 X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट्स को बैन करने का आदेश दिया है। इन अकाउंट्स में कुछ इंटरनेशनल न्यूज ऑर्गनाइजेशन भी शामिल हैं जो कथित तौर पर पाकिस्तान समर्थित प्रोपेगैंडा और भारत विरोधी कंटेंट प्रसारित कर रहे थे।
इस कार्रवाई की जानकारी X के ग्लोबल गवर्नेंस अफेयर्स अकाउंट ने साझा की। सरकार ने आरोप लगाया है कि कुछ अकाउंट्स गलत जानकारी फैलाकर देश में अस्थिरता लाने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले भी भारत कई बार डिजिटल माध्यमों से फैल रहे भ्रामक कंटेंट पर कार्रवाई कर चुका है।
OTT प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तानी कंटेंट हटाने का सीधा आदेश
सरकार की ओर से एक अन्य बड़ा कदम उठाया गया है जिसमें सभी OTT और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्णय IT एक्ट 2021 के तहत लिया गया है और इसका उद्देश्य राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करना बताया गया है।
अब सभी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान में निर्मित वेब सीरीज, फिल्में, गाने, ऑडियो शोज़, पॉडकास्ट और अन्य किसी भी तरह के कंटेंट को हटाना होगा। यहां तक कि पाकिस्तानी कलाकारों जैसे आतिफ असलम और राहत फतेह अली खान के गाने भी अब भारत में स्ट्रीम नहीं किए जा सकेंगे।
पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों और टीवी प्रोग्राम्स पर भी सख्ती
इससे पहले 27 अप्रैल को भारत सरकार ने 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर बैन लगाया था। इन चैनलों पर भारतीय सेना और एजेंसियों के खिलाफ भ्रामक व भड़काऊ खबरें फैलाने का आरोप था। अब यह कार्रवाई OTT प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया तक फैल गई है।
साथ ही, सरकार ने स्पष्ट किया है कि TV शोज़, डॉक्यूमेंट्रीज़ और अन्य पाकिस्तानी टीवी कंटेंट, जो भारतीय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं, उन्हें भी हटाया जाना अनिवार्य है।
पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन, फिल्म इंडस्ट्री में हलचल
फिल्म इंडस्ट्री भी इस नीति से अछूती नहीं रही। FWICE (फिल्म फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न सिने एम्प्लॉयज) ने सूचना व प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि जो कोई भी पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करेगा, उस पर देशद्रोह का केस दर्ज होगा और उसे इंडियन फिल्म इंडस्ट्री से बाहर कर दिया जाएगा।
इस सख्ती का असर भी दिखने लगा है। अभिनेता फवाद खान की फिल्म ‘अबीर गुलाल’ की भारत में रिलीज़ अब रुक गई है और अभिनेत्री हानिया आमिर को फिल्म ‘सरदार 3’ से बाहर कर दिया गया है।

- भारत सरकार ने 8000 से अधिक X अकाउंट्स को बैन करने के आदेश दिए, जिन पर पाकिस्तान समर्थक प्रचार और भारत विरोधी फेक न्यूज फैलाने का आरोप है।
- ग्लोबल गवर्नेंस अफेयर्स के मुताबिक ये अकाउंट्स अब केवल भारत में प्रतिबंधित रहेंगे, जबकि अन्य देशों में दिखते रहेंगे।
- सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट (फिल्में, गाने, डॉक्यूमेंट्री) हटाने का निर्देश दिया है।
- IT एक्ट 2021 के तहत जारी आदेश में राष्ट्रीय सुरक्षा और साइबर स्थिरता को प्राथमिकता दी गई है।
- इससे पहले भारत सरकार 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल्स पर भी बैन लगा चुकी है, वहीं FWICE ने पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

