भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर पहली बार टेस्ट मैच में जीत दर्ज की। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 के दूसरे मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 336 रनों से हरा दिया। ये भारत की इस मैदान पर 58 सालों में पहली जीत है। इससे पहले भारत ने यहां 8 टेस्ट खेले थे, जिसमें 7 हारे और एक ड्रॉ रहा। पहली जीत जुलाई 1967 में हार के बाद अब जाकर मिली है।
शुभमन गिल का धमाका, दूसरी पारी में भी शतक
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 587 रन बनाए, जिसमें सबसे बड़ी पारी शुभमन गिल की रही। उन्होंने 387 गेंदों में 269 रन बनाए, जिसमें 30 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इसके बाद दूसरी पारी में भी गिल ने 162 गेंदों में 161 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनके अलावा केएल राहुल ने 55, ऋषभ पंत ने 65 और रवींद्र जडेजा ने 69 रन बनाकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
इंग्लैंड की पारी ढही, आकाश दीप ने तोड़ी कमर
इंग्लैंड को 608 रनों का लक्ष्य मिला लेकिन पूरी टीम 271 रन पर ही ढेर हो गई। भारत के तेज गेंदबाज़ आकाश दीप ने दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाए। उन्होंने पहली बार टेस्ट मैच की पारी में पांच विकेट हॉल भी पूरा किया। इंग्लैंड की पहली पारी में भी उन्होंने 4 विकेट झटके थे। वहीं सिराज ने भी पहली पारी में 6 विकेट लिए थे।
स्मिथ-ब्रूक की जोड़ी भी नहीं रोक पाई हार
इंग्लैंड की ओर से पहली पारी में जेमी स्मिथ ने 184* और हैरी ब्रूक ने 158 रन बनाए। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 303 रनों की साझेदारी की लेकिन भारत की बढ़त इतनी बड़ी थी कि यह साझेदारी भी मुकाबला नहीं बचा सकी। दूसरी पारी में स्मिथ ने फिर 88 रन बनाए लेकिन टीम बिखर गई।
दूसरे टेस्ट में भारत की 336 रन से बड़ी जीत
दूसरे टेस्ट में भारत ने दूसरी पारी 427/6 पर घोषित की। इंग्लैंड की टीम पांचवें दिन दूसरे सेशन में पूरी तरह लड़खड़ा गई। आकाश दीप ने ओली पोप और हैरी ब्रूक जैसे सेट बल्लेबाजों को जल्दी चलता किया। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अहम विकेट निकाले और इंग्लैंड की दूसरी पारी सिमट गई।

- भारत ने एजबेस्टन में पहली बार टेस्ट मैच जीता, इंग्लैंड को 336 रन से हराया।
- शुभमन गिल ने दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाज़ी की—269 और 161 रन बनाए।
- तेज़ गेंदबाज़ आकाश दीप ने दूसरी पारी में 6 विकेट झटके, पहली बार टेस्ट में पांच विकेट हॉल।
- इंग्लैंड की दूसरी पारी 271 रन पर सिमटी, स्मिथ ने 88 रन बनाए।
- भारत ने सीरीज़ में 1-1 की बराबरी की, अब तीसरे टेस्ट पर सभी की नज़रें हैं।

