झारखंड में तेज आंधी-बारिश के दौरान बिजली गिरने से चार महिलाओं की जान चली गई। वहीं, बिहार में इसी वजह से तीन लोगों की मौत हो गई और दो महिलाएं झुलस गईं। मौसम विभाग पटना के अनुसार, राज्य में फिलहाल मानसून कमजोर पड़ा है। अगले 48 घंटे तक बारिश की संभावना बेहद कम है, लेकिन 24 जुलाई के बाद बारिश की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।
IMD ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना, असम और मेघालय में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उधर, हिमाचल प्रदेश में 26 जुलाई तक कम बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके बाद एक बार फिर बारिश तेज हो सकती है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर में 24 जुलाई के आसपास कम दबाव का नया क्षेत्र बनने की आशंका है, जिससे कई राज्यों में फिर से तेज बारिश लौट सकती है।
उधमपुर में लैंडस्लाइड, राजौरी में कैंप को नुकसान
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड की खबर है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटे तक लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को राजौरी जिले में एक मिलिट्री कैंप की दीवार गिरने से तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर, गांवों से टूटा संपर्क
यूपी में पहाड़ों की बारिश का असर अब मैदानों में दिख रहा है। सहारनपुर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं, जिससे 40 से अधिक गांवों का संपर्क तहसील और जिला मुख्यालय से टूट गया है। वाराणसी में वरुणा नदी उफान पर है, जिससे कई कॉलोनियों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। करीब 30 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। NDRF की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
प्रयागराज, झांसी और मथुरा में भी भारी बारिश और बाढ़ का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
किन्नर कैलाश यात्रा फिर शुरू
किन्नौर जिला प्रशासन ने मौसम में सुधार के बाद किन्नर कैलाश यात्रा को दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। यह यात्रा चार दिन पहले भारी बारिश के कारण स्थगित कर दी गई थी। देशभर से श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा में शामिल होने पहुंचते हैं।
बिलासपुर के कोलडैम से फिर छोड़ा गया पानी
सतलुज नदी पर बने कोलडैम से मंगलवार सुबह 7:30 बजे फिर से पानी छोड़ा गया, जिससे नदी का जलस्तर 4 से 5 मीटर तक बढ़ गया। प्रशासन ने बिलासपुर से लेकर पंजाब तक के लोगों को अलर्ट रहने और नदी के आसपास न जाने की सलाह दी है। इससे पहले भी कोलडैम, कड़छम और झाखड़ी बांधों से पानी छोड़ा गया था, क्योंकि पिछले तीन दिनों की बारिश से बांधों में जल स्तर लगातार बढ़ रहा है।
पंजाब-हरियाणा में रुक-रुक कर बारिश, तापमान में हल्की बढ़त
पंजाब में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। लुधियाना में 31 MM और पठानकोट में 50 MM बारिश दर्ज की गई। तापमान में 1.3 डिग्री की वृद्धि हुई है, हालांकि यह अब भी सामान्य से 4.5 डिग्री कम है।
हरियाणा में आज के लिए सभी 22 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। जींद और पलवल में झमाझम बारिश हो रही है, जबकि महेंद्रगढ़ में धूप के साथ हल्की फुहारें देखी गई हैं।
उत्तर बिहार में मौसम बदला, राजस्थान में भारी बारिश की आशंका
उत्तर बिहार में सुबह अचानक मौसम ने करवट ली, काले बादलों के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 24 जुलाई से फिर मानसून सक्रिय हो सकता है।
राजस्थान में भी मौसम विभाग ने 6 जिलों में येलो अलर्ट दिया है। 24-25 जुलाई को मौसम सूखा रह सकता है, लेकिन 27 जुलाई से तेज बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। मंगलवार को भरतपुर, अलवर, सवाई माधोपुर और करौली जैसे जिलों में 2 इंच तक बारिश हुई। कुछ जगहों पर सड़कें बंद हो गईं और अजमेर के अरांई में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई।

