शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजचार साल बाद जोफ्रा आर्चर की इंग्लैंड टीम में वापसी, भारत के...

चार साल बाद जोफ्रा आर्चर की इंग्लैंड टीम में वापसी, भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले मिली जगह

भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने तेज़ गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर को टेस्ट टीम में शामिल कर लिया है। आर्चर ने अपना आखिरी टेस्ट मैच फरवरी 2021 में खेला था और अब चार साल बाद वापसी कर रहे हैं। इंग्लैंड बोर्ड ने गुरुवार को इस फैसले की घोषणा की और सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “जोफ्रा आर्चर इज बैक।”

इसी हफ्ते 22 जून को आर्चर को ससेक्स की ओर से काउंटी मैच के लिए फिटनेस टेस्ट में उतारा गया था। उन्होंने इस मैच में 18 ओवर गेंदबाज़ी की और 32 रन देकर एक विकेट भी लिया। लंबे ब्रेक के बाद गेंदबाज़ी में उनकी लय देखने को मिली, जिससे साफ हो गया कि वे वापसी के लिए तैयार हैं।

कप्तान स्टोक्स का भरोसा, बोले- ‘वो बेताब हैं’

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने कुछ दिन पहले ही संकेत दे दिए थे कि जोफ्रा आर्चर जल्द ही टेस्ट में लौट सकते हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि “जोफ्रा फिर से टेस्ट जर्सी पहनने के लिए बेताब हैं।”

इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ों की मौजूदा चोट की स्थिति ने भी आर्चर की वापसी के रास्ते खोले हैं। टीम के प्रमुख पेसर मार्क वुड, ओली स्टोन और गस एटकिंसन फिलहाल फिट नहीं हैं। ऐसे में आर्चर की वापसी टीम के गेंदबाज़ी आक्रमण को मजबूती देने के लिए अहम मानी जा रही है।

लगातार चोटों से करियर में आई रुकावट

जोफ्रा आर्चर का करियर शुरुआत से ही चोटों की वजह से प्रभावित रहा है। 2019 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले आर्चर ने अब तक जितना क्रिकेट खेला है, उससे ज्यादा वक्त रिहैब में बिताया है। फरवरी 2021 के बाद से वह कोई टेस्ट नहीं खेल सके थे। उनकी कोहनी की चोट ने लंबे वक्त तक उन्हें मैदान से दूर रखा।

हालांकि, अब वे फिटनेस टेस्ट पास कर चुके हैं और चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में सफल रहे हैं। अगर उन्हें बर्मिंघम में प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो यह उनकी मानसिक और शारीरिक मजबूती का बड़ा प्रमाण होगा।

इंग्लैंड का दूसरा टेस्ट बर्मिंघम में

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। इंग्लैंड इस सीरीज में 1-0 की बढ़त पर है। मेजबानों ने पहला टेस्ट 5 विकेट से जीता था और अब घरेलू मैदान पर बढ़त मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

इंग्लैंड की टेस्ट टीम इस प्रकार है:

कप्तान: बेन स्टोक्स
अन्य खिलाड़ी: जैक क्रॉले, बेन डकेट, हैरी ब्रूक, ओली पोप, जो रूट, जैकब बेथेल, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, जिमी ओवरटन, जैमी स्मिथ, जोश टंग, क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर, शोएब बशीर।

अन्य खबरें