उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में गुरुवार को तेज बारिश के बाद रेलवे अंडरपास में करीब 6 फीट तक पानी भर गया। इसी दौरान सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों और छात्राओं से भरी एक बस उसमें फंस गई। हालात इतने गंभीर थे कि पानी बस की खिड़कियों तक पहुंच चुका था। करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद बस में फंसे सभी 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हिमाचल में 46 मौतें, 208 सड़कें ठप
हिमाचल प्रदेश में लगातार नौ दिनों से जारी मूसलधार बारिश ने तबाही मचा दी है। बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं में अब तक 46 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से अधिकतर मौतें सड़कों की खराब स्थिति के चलते हुए हादसों में हुई हैं। वर्तमान में राज्य की 208 सड़कें बंद हैं। इनमें मंडी-धरमपुर नेशनल हाईवे-3 भी शामिल है, जो पंजाब के अटारी को लेह से जोड़ता है। आज कांगड़ा और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
सिक्किम में पुल ढहे, युकसोम टुटा संपर्क से
पूर्वोत्तर भारत के सिक्किम राज्य में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। ग्यालशिंग जिले के युकसोम कस्बे में बीते 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते दो लकड़ी के पुल बह गए हैं, जिससे सुदूर गांवों का संपर्क टूट गया है।
एमपी में भारी बारिश, 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 20 जिलों में अति भारी बारिश और 12 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। जबलपुर, रीवा, सतना, पन्ना, सीधी, शहडोल जैसे इलाकों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर, सागर, विदिशा सहित 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी हुआ है। उधर, गुना जिले में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जो बारिश के बाद उफनी नदी में नहाने गए थे।
बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून
बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत से लौट आया है। मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में वज्रपात और मेघगर्जन की संभावना है, साथ ही 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन उमस से लोग परेशान रहेंगे। तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पंजाब में मानसून धीमा पड़ा, लेकिन राहत जारी
पंजाब में मानसून की रफ्तार भले धीमी पड़ गई हो, लेकिन बीते दिनों की बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को राज्य के 10 जिलों में तापमान 30 डिग्री से भी नीचे रहा। सबसे कम तापमान भाखड़ा डैम नंगल में 32.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर, पठानकोट, बठिंडा जैसे शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को सिर्फ तीन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, बाकी क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
राजस्थान में दो सप्ताह भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए अच्छी बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान दिया है। शुक्रवार को करौली और सवाई माधोपुर में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 27 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर, सीकर और झुंझुनूं में गुरुवार को तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव देखा गया।
उत्तर भारत के 22 राज्यों में यलो अलर्ट
पूरे उत्तर भारत में मौसम बिगड़ा हुआ है। उत्तराखंड, हिमाचल, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत कुल 22 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट तो आई है, लेकिन जलभराव, बिजली गिरने और सड़कों के अवरुद्ध होने जैसी परेशानियां भी सामने आ रही हैं।

