दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गुरुवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब 4.4 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया, जिसका केंद्र हरियाणा के झज्जर में था। भूकंप के झटके इतने तेज़ थे कि लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
10 सेकेंड तक महसूस हुए झटके
झज्जर के अलावा हरियाणा के जींद और बहादुरगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटके लगभग 10 सेकेंड तक महसूस हुए, जिससे कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, अब तक कहीं से किसी जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
छह महीने में तीसरी बार कांपी राजधानी
दिल्ली-एनसीआर में यह इस साल का तीसरा भूकंप है। इससे पहले 19 अप्रैल और 17 फरवरी को भी धरती हिली थी। 19 अप्रैल को अफगानिस्तान में दोपहर 12:17 बजे 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका असर जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली तक महसूस किया गया था।

