शनिवार, मई 2, 2026
spot_img
होमटॉप न्यूजमानसून बेकाबू: हिमाचल, यूपी, एमपी और उत्तराखंड में हालात गंभीर, अब तक...

मानसून बेकाबू: हिमाचल, यूपी, एमपी और उत्तराखंड में हालात गंभीर, अब तक 82 की मौत

देश के कई इलाकों में मानसूनी बारिश के कारण हालात खराब हो चुके हैं। सबसे ज्यादा असर हिमाचल प्रदेश में पड़ा है। जहां 20 जून से 6 जुलाई तक बारिश ने तबाही मचाई है। इस अवधि में 19 बार बादल फटे, 23 बार बाढ़ आई और 19 लैंडस्लाइड की घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं के चलते राज्य में अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि 269 सड़कें अब भी बंद हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है।

इधर, श्रीनगर (उत्तराखंड) में तेज बारिश के बाद भूस्खलन हुआ है, जिसकी वजह से बद्रीनाथ हाईवे बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनज़र वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। मलबा हटाने का कार्य जारी है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से राहत कार्यों में बाधा आ रही है।

मध्यप्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

एमपी के शहडोल में पिछले 24 घंटे में 4 इंच बारिश हुई है। आधी रात के बाद 3000 से अधिक घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। मंडला, श्योपुर, डिंडौरी और उमरिया जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जबलपुर के बरगी डैम के 9 गेट खोलने पड़े हैं और शहडोल के सरकारी अस्पताल में भी पानी भर गया।

अयोध्या में सरयू नदी वॉर्निंग लेवल के करीब

अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 91.35 मीटर तक पानी पहुंच चुका है, जो वॉर्निंग लेवल (91.55 मीटर) से महज 20 सेंटीमीटर नीचे है। पिछले 24 घंटे में जलस्तर में 24 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। अगर इसी गति से पानी बढ़ता रहा, तो आज रात तक चेतावनी स्तर पार हो सकता है।

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नदियां उफान पर

सरगुजा संभाग सबसे ज्यादा प्रभावित इलाका है। अंबिकापुर में कई घरों में पानी घुस गया है। यहां कारें तक तीन फीट पानी में डूब गईं। NH-343 और अंबिकापुर-राजपुर मार्ग पर नदियां पुल के ऊपर से बह रही हैं, जिससे सड़क मार्ग ठप हो गया है।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा

रुद्रप्रयाग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण अलकनंदा नदी का बहाव तेज हो गया है। हालांकि, अभी जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन प्रशासन सतर्क है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

यूपी में सरयू उफान पर, बुलंदशहर जलमग्न

उत्तर प्रदेश में मानसून की मेहरबानी ने मुसीबत भी ला दी है। बुलंदशहर में रात दो बजे से लगातार बारिश हो रही है, गलियों में तीन फीट तक पानी भर गया है। जिलाधिकारी श्रुति ने हालात को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी का आदेश दिया है।

बिहार में अलर्ट, अब तक सामान्य से 42% कम बारिश

बिहार में अगले दो दिन मौसम बिगड़ने की संभावना है। 26 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। अब तक राज्य में 126 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य रूप से 219 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, यानी 42% कम बारिश हुई है।

राजस्थान में बारिश धीमी, लेकिन अलर्ट बरकरार

राजस्थान में दो जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 22 में येलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर समेत कई जिलों में सोमवार को बारिश से सड़कों पर जलभराव हुआ। रविवार को बारिश की तीव्रता कुछ कम रही, लेकिन शनिवार रात श्रीविजयनगर में दो मकानों की छतें गिर गईं, जिसमें 5 साल के बच्चे की मौत हो गई और 5 लोग घायल हुए।

पंजाब में सामान्य से 16% ज्यादा बारिश

पंजाब में सोमवार और मंगलवार को बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मानसून में राज्य को सामान्य से अधिक वर्षा मिलेगी। 1 जून से 6 जुलाई के बीच 89.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य (77.4 मिमी) से 16% ज्यादा है।

हरियाणा के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

हरियाणा में भी मानसून सक्रिय है। कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य 16 जिलों में भी येलो अलर्ट घोषित किया गया है। अब तक प्रदेश में 90.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 22% अधिक है।

अन्य खबरें