बिहार में भारी बारिश के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। यहां बीते 24 घंटे में आसमानी बिजली गिरने से अलग-अलग जिलों में 17 लोगों की जान चली गई। नालंदा सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां 5 लोगों की मौत हुई। वैशाली में 4, जबकि बांका और पटना से 2-2 लोगों की मौत की खबर है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
हिमाचल में 110 मौतें और 1200 करोड़ का नुकसान
हिमाचल प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं ने हालात और भी खराब कर दिए हैं। राज्य में अब तक 110 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सरकारी और निजी संपत्तियों को 1200 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। गुरुवार को सिरमौर के लोहरा क्षेत्र में लैंडस्लाइड के चलते NH-707 बंद हो गया, जिससे आवाजाही पर बड़ा असर पड़ा है।
अमरनाथ यात्रा फिर शुरू, बालटाल मार्ग पर रहा था ब्रेक
बारिश और लैंडस्लाइड के कारण एक दिन के लिए रुकी अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से दोबारा शुरू कर दी गई। 16 जुलाई को बालटाल रूट पर लैंडस्लाइड की वजह से यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया था। प्रशासन की सतर्कता और मौसम में थोड़े सुधार के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए यात्रा बहाल कर दी गई है।
कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि राजस्थान, दक्षिण कर्नाटक और केरल में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के तटीय इलाकों में ऑरेंज अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भारी बारिश के चलते पहली से 8वीं तक के स्कूलों को शुक्रवार के लिए बंद कर दिया गया है।
हिमाचल में 31 फ्लैश फ्लड, 22 बादल फटने की घटनाएं
20 जून से अब तक हिमाचल में 31 बार फ्लैश फ्लड, 22 बार बादल फटने और 19 बार भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं। राज्य के 9 जिलों में बाढ़ की चेतावनी है और 170 से ज्यादा सड़कें अब भी बंद हैं। NH-707 पिछले 30 घंटे से ज्यादा समय से अवरुद्ध है और गिरते मलबे के कारण रास्ता खोलने में दिक्कत आ रही है।
उत्तर प्रदेश में गंगा उफान पर, 7 की मौत
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रही है। बीते 24 घंटे में 7 लोगों की जान चली गई।
वाराणसी में 1000 से ज्यादा घाट किनारे मंदिर पानी में डूब चुके हैं, और गंगा नदी खतरे के निशान से सिर्फ 1.56 मीटर नीचे है। मौसम विभाग ने आज 26 जिलों में बहुत भारी बारिश और 49 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
छत्तीसगढ़ में यलो अलर्ट, बस्तर में तेज बारिश की आशंका
छत्तीसगढ़ के दक्षिण और मध्य हिस्सों में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का दौर बना रहेगा। रायपुर, दुर्ग, बालोद, धमतरी, सुरजपुर, बलरामपुर और जशपुर सहित 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम 22.2 डिग्री दर्ज हुआ। सरगुजा संभाग में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
हरियाणा के 10 जिलों में भारी बारिश के आसार
हरियाणा में भी 18 जुलाई को खराब मौसम बना रहेगा। चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र ने सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, फरीदाबाद और पलवल में तेज बारिश की संभावना जताई है। गुरुग्राम के DC ने 9 जुलाई को बारिश से हुई 4 मौतों की रिपोर्ट SDM से मांगी है।
हिमाचल में 21 से 23 जुलाई तक फिर भारी बारिश
21 से 23 जुलाई के बीच हिमाचल के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में फिर से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। शुक्रवार को कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में इस मानसून सीजन में सामान्य से 12% अधिक वर्षा, लेकिन जुलाई में 5% कम बारिश हुई है।
पंजाब में मौसम सामान्य, कोई अलर्ट नहीं
पंजाब में अगले 72 घंटे तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। 7 जुलाई के बाद से मानसून कमजोर पड़ा है, जिससे इस महीने अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। श्री आनंदपुर साहिब में 36.3 डिग्री, जबकि अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट और बठिंडा में भी तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बिहार में अगले दो हफ्तों तक बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में 18 से 24 जुलाई तक दक्षिण और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में तेज और हल्की बारिश होने के आसार हैं। 25 से 30 जुलाई तक भी दक्षिण जिलों में सक्रिय मानसून बना रहेगा। राज्य में पिछले कुछ दिनों से हो रही तेज बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं।

